दिल्ली में आंधी-बारिश का कहर: एक परिवार के चार सदस्यों की दर्दनाक मौत,
CM ने जताया शोक

नई दिल्ली: शुक्रवार को दिल्ली में तेज आंधी और बारिश ने जमकर तबाही मचाई। द्वारका के खरखरी नहर गांव में एक दुखद घटना में, खेत में बने ट्यूबवेल के कमरे पर पेड़ गिरने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। मृतकों में 26 वर्षीय ज्योति और उसके तीन बच्चे शामिल हैं। ज्योति के पति अजय को मामूली चोटें आई हैं। इसके अलावा, उत्तरी दिल्ली के सब्जी मंडी इलाके में एक मकान पर बिजली गिरने से आग लगने की सूचना है।
इस हृदयविदारक घटना पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, “खरखड़ी नाहर गांव, नजफगढ़ में तेज आंधी और बारिश के दौरान पेड़ गिरने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की दुखद मृत्यु और एक व्यक्ति के घायल होने का समाचार अत्यंत व्यथित करने वाला है। मैं दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं और शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहन संवेदनाएं व्यक्त करती हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि वह शोक संतप्त परिवार को यह असहनीय दुःख सहन करने की शक्ति दें तथा घायल व्यक्ति को शीघ्र पूर्ण स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। इस कठिन समय में दिल्ली सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। जिला प्रशासन को हर आवश्यक सहायता तुरंत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।”
हवाई यातायात प्रभावित, जलजमाव से जनजीवन अस्त-व्यस्त
तेज आंधी और बारिश के कारण इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) पर भी उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, लगभग 200 से अधिक उड़ानें प्रभावित हुईं। उन्होंने यात्रियों से अपनी उड़ान की स्थिति की जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइंस से संपर्क करने की सलाह दी है। हालांकि, सुबह 6:20 बजे के बाद हवाई अड्डे पर उड़ानों का संचालन सामान्य हो गया।
दिल्ली के कई इलाकों में भारी बारिश के कारण जलजमाव की स्थिति भी उत्पन्न हो गई, जिससे लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में कठिनाई का सामना करना पड़ा। आरके पुरम के मेजर सोमनाथ मार्ग पर तेज हवा के कारण कई पेड़ गिर गए, जिससे यातायात बाधित हुआ।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पहले ही दिल्ली-NCR में खराब मौसम का अलर्ट जारी किया था और लोगों से अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया था।







