रफ़्तार का कहर, दो सड़क हादसों में दो बुजुर्गों की मौत

रफ़्तार का कहर, दो सड़क हादसों में दो बुजुर्गों की मौत
– टीटी नगर में टहलने निकले बुजुर्ग को अज्ञात वाहन ने रौंदा, छोला मंदिर क्षेत्र में घायल अधेड़ ने घर पर दम तोड़ा
भोपाल, यशभारत। राजधानी में बेलगाम दौड़ रहे वाहनों ने दो घरों के चिराग बुझा दिए। शहर के टीटी नगर और छोला मंदिर थाना क्षेत्रों में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में दो बुजुर्गों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
केस 1: टहलने निकले बुजुर्ग को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
टीटी नगर थाना क्षेत्र के भीम नगर में रहने वाले घनश्याम रैकवार (70) रविवार रात भोजन करने के बाद रोजाना की तरह टहलने निकले थे। जब वे लिंक रोड नंबर-1 पर खेल छात्रावास के समीप पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें जेपी अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हमीदिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। हमीदिया में उपचार के दौरान बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
केस 2: हादसे में घायल वृद्ध की उपचार के बाद घर पर मौत
वहीं, दूसरी घटना छोला मंदिर थाना क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार समर कुरैशी (65) कुछ दिनों पूर्व एक सड़क हादसे का शिकार हो गए थे। परिजनों ने उन्हें हमीदिया सहित निजी अस्पतालों में भर्ती कराया था। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद परिजन उन्हें घर ले आए थे, लेकिन उनकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ और बीते दिन उन्होंने घर पर ही अंतिम सांस ली। अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
टीटी नगर पुलिस का कहना है कि आरोपी वाहन चालक घटना के बाद मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस खेल छात्रावास और लिंक रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि वाहन के नंबर और चालक की पहचान की जा सके। अज्ञात चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया है।







