आईटीआई में फैशन शो के माध्यम से कौशल का प्रदर्शन
प्रशिक्षणार्थियों ने इंडो-वेस्टर्न परिधानों पर विविध आधुनिक कलात्मक डिजाइनों को साकार रूप दिया

जबलपुर,यशभारत। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) जबलपुर में मंगलवार को व्यवसाय फैशन डिजाइन एंड टेक्नोलॉजी एवं ड्रेस मेकिंग के प्रशिक्षणार्थियों द्वारा फैशन शो के माध्यम से अपने वार्षिक प्रोजेक्ट्स का आकर्षक प्रस्तुतीकरण किया गया। कार्यक्रम में प्रशिक्षणार्थियों ने वर्षभर अर्जित किए गए कौशल और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। फैशन डिजाइन एंड टेक्नोलॉजी व्यवसाय के प्रशिक्षणार्थियों ने इंडो-वेस्टर्न परिधानों पर विविध आधुनिक कलात्मक डिजाइनों को साकार रूप दिया। इसके साथ ही विभिन्न प्रकार की फैब्रिक ज्वेलरी तैयार कर अपने परिधानों को आकर्षक बनाया। प्रशिक्षणार्थियों ने बटुआ, पर्स, क्लच एवं अन्य फैशन एसेसरीज का निर्माण कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। वहीं ड्रेस मेकिंग व्यवसाय के प्रशिक्षणार्थियों ने पारंपरिक एवं इंडो-वेस्टर्न परिधानों का सुंदर प्रदर्शन किया।
प्रशिक्षणार्थियों की इस सफलता के पीछे प्रशिक्षण अधिकारियों अभिलाषा पाठक, शिखा एंथोनी, नमिता झा एवं मंगला शंग्रपवार का विशेष योगदान रहा, जिनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक क्षमता को निखारा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अंतरराष्ट्रीय फैशन डिजाइनर बतुल अली उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता आईटीआई जबलपुर के प्राचार्य डॉ. अर्पित शुक्ला ने की। विशिष्ट अतिथियों में प्राचार्य वर्ग-2 अमित आठ्या, आईटीआई शहपुरा के प्राचार्य आकाश कश्यप तथा आईटीआई बरगी की प्राचार्य नुपुर राय शामिल रहीं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में फेविकोल एक्सपर्ट प्रियंका शर्मा एवं नीतू मैडम का विशेष सहयोग रहा। उपस्थित अतिथियों ने प्रशिक्षणार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता और मेहनत की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।






