चलती बस में 7.50 करोड़ की लूट से सनसनी, सराफा व्यापारी का 5 किलो सोना और नकदी लेकर भागे बदमाश
सीसीटीवी और साइबर टीम सक्रिय

रतलाम। मध्यप्रदेश के रतलाम में गुरुवार रात चलती बस में सराफा व्यापारी से करोड़ों रुपये के सोने के आभूषण लूटने की वारदात सामने आई है। बदमाश व्यापारी का बैग छीनकर फरार हो गए। व्यापारी के मुताबिक बैग में करीब 5 किलो सोने के जेवरात और 3 लाख रुपये नकद थे। लूटे गए माल की अनुमानित कीमत करीब 7.50 करोड़ रुपये बताई जा रही है। वारदात के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।
बस रुकते ही छीना बैग
घटना गुरुवार रात करीब 9.15 बजे बिलपांक थाना क्षेत्र में हनुमान फंटे के पास की बताई जा रही है। सराफा व्यापारी अर्पित चौरड़िया कारोबार के सिलसिले में बड़नगर गए थे और रात करीब 8.15 बजे बस से रतलाम लौट रहे थे। रास्ते में बदमाशों ने कथित तौर पर बस रुकवाई। बस रुकते ही व्यापारी के पीछे बैठे दो लोगों ने उनका बैग छीन लिया और तेजी से नीचे उतरकर बाइक से फरार हो गए।
पुलिस को आशंका है कि वारदात में करीब पांच बदमाश शामिल थे। इनमें कुछ आरोपी बड़नगर से ही बस में सवार हुए यात्रियों के बीच बैठे हो सकते हैं। पुलिस अब बस में सवार यात्रियों की जानकारी जुटा रही है।
करोड़ों के जेवरात लेकर फरार
व्यापारी ने पुलिस को बताया कि बैग में करीब 5 किलो सोने के आभूषण थे, जिनकी कीमत लगभग 7.50 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके अलावा 3 लाख रुपये नकद भी बैग में रखे थे। इतनी बड़ी रकम और सोने की लूट की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।
डीआईजी निमिष अग्रवाल, एसपी अमित कुमार और अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। डॉग स्क्वाड की मदद से आसपास के इलाकों में तलाश की गई।
सीसीटीवी और साइबर टीम सक्रिय
पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। बदमाश किस रास्ते से भागे, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही साइबर टीम को सक्रिय कर संदिग्धों की गतिविधियों और संभावित ठिकानों की जांच की जा रही है।
एएसपी ग्रामीण विवेक कुमार लाल के अनुसार, मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें रवाना की गई हैं। पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही वारदात का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।







