हिंदी भवन में गूंजा संत रविदास का संदेश, धूमधाम से मनाई गई 649वीं जयंती

हिंदी भवन में गूंजा संत रविदास का संदेश, धूमधाम से मनाई गई 649वीं जयंती
भोपाल, यशभारत। राजधानी के श्यामला हिल्स स्थित हिंदी भवन में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 649वीं जयंती अत्यंत उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। जाटव समाज संभागीय समिति, भोपाल के तत्वावधान में आयोजित इस भव्य समारोह में समाज के सैकड़ों लोगों ने शिरकत कर संत रविदास के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति एवं दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र के विधायक भगवान दास सबनानी उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर और संत रविदास जी के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
सामाजिक समरसता पर जोर
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक भगवान दास सबनानी ने कहा कि संत रविदास जी के विचार किसी एक समाज के लिए नहीं, बल्कि पूरी मानवता के लिए हैं। उन्होंने समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर कर प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया। वहीं जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति ने कहा कि संत रविदास के ‘मन चंगा तो कठौती में गंगा’ के दर्शन को अपनाकर ही एक आदर्श समाज की स्थापना की जा सकती है।
समिति का प्रयास
जाटव समाज संभागीय समिति के पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया और समाज के कल्याण हेतु किए जा रहे कार्यों का विवरण साझा किया। वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि संत रविदास जी “सबके संत” हैं और उनके सिद्धांतों को नई पीढ़ी तक पहुँचाना अनिवार्य है।






