जबलपुरमध्य प्रदेश

मटर तुड़ाई के लिए बाहर से आ रहे मजदूरों की सुरक्षा पर आरटीओ सख्त

लोडिंग वाहनों में सवारी बैठाना पड़ेगा महंगा,नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई

जबलपुर यशभारत । मटर तुड़ाई के सीजन में बाहर से आने वाले मजदूरों को खेतों तक पहुंचाने के लिए लोडिंग वाहनों में सवारियां भरकर ले जाने की प्रवृत्ति पर परिवहन विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। सुरक्षा को देखते हुए आरटीओ जितेंद्र सिंह रघुवंशी ने चेतावनी जारी करते हुए साफ कहा है कि लोडिंग वाहनों में मानव परिवहन पूर्णतः प्रतिबंधित है, ऐसे किसी भी वाहन चालक, मालिक या ठेकेदार के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

मोटर वाहन अधिनियम का स्पष्ट उल्लंघन

जानकारी के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में तुड़ाई सीजन शुरू होते ही मजदूरों की संख्या बढ़ जाती है। श्रमिकों को जल्द खेतों तक पहुंचाने के चक्कर में कई वाहन चालक पिकअप, ऑटो लोडर और मिनी ट्रकों जैसे मालवाहक वाहनों में दर्जनों लोगों को बिठाकर ले जाते हैं। इससे न सिर्फ गंभीर हादसों की आशंका बढ़ती है, बल्कि यह मोटर वाहन अधिनियम का स्पष्ट उल्लंघन है।

 

निगरानी अभियान चलाने दिए निर्देश

आरटीओ जितेंद्र सिंह रघुवंशी ने बताया कि पिछले दिनों निरीक्षण के दौरान कई लोडिंग वाहनों में मजदूरों को ठूंस-ठूंसकर ले जाते पाया गया। ऐसे मामलों में चालान काटे गए हैं और आगे भी विशेष निगरानी अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।अधिकारियों का कहना है कि मजदूरों की सुरक्षा से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कोई भी वाहन चालक या मालिक मालवाहक गाड़ियों में मानव परिवहन करता पाया जाता है, तो भारी जुर्माने के साथ-साथ वाहन जब्ती की कार्यवाही भी की जा सकती है।

परिवहन विभाग ने किसानों और ठेकेदारों से अपील की है कि मजदूरों को ढोने के लिए केवल अनुमति प्राप्त यात्री वाहनों का ही उपयोग करें। साथ ही मजदूरों को भी सलाह दी गई है कि वह अपनी सुरक्षा से समझौता न करें और लोडिंग वाहनों में सवारी बनने से इनकार करें।

आरटीओ टीम करेगी कार्रवाई

मटर तुड़ाई के व्यस्त सीजन में दुर्घटनाओं को रोकने और श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह कदम बेहद अहम माना जा रहा है। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि निगरानी अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त से सख्त कार्रवाई होगी।

WhatsApp Image 2025 11 19 at 13.40.38

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button