RTO आरक्षक और साथी 4500 की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, लोकायुक्त की ट्रैप कार्रवाई
जबलपुर-नागपुर हाईवे पर कार्रवाई

जबलपुर,यशभारत। लोकायुक्त पुलिस ने बुधवार को जबलपुर-नागपुर हाईवे स्थित बरगी क्षेत्र में ट्रैप कार्रवाई करते हुए आरटीओ विभाग के एक आरक्षक और उसके साथी को 4500 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, नवी मुंबई निवासी वाहन मालिक प्रशांत दत्तात्रेय जाधव और छतरपुर निवासी चालक जय सिंह यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी मालवाहक गाड़ियों को बरगी क्षेत्र से निकलने देने के एवज में आरटीओ कर्मचारी द्वारा अवैध वसूली की जा रही है।
शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने योजना बनाकर कार्रवाई की। बुधवार को वाहन क्रमांक DD 01P09764 के चालक से 4500 रुपए की रिश्वत लेते समय आरटीओ आरक्षक श्वेता अहिरवार और उसके साथी मोहित साहू को मौके पर ही पकड़ लिया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7, 12, 13(1)(B) और 13(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक राहुल गजभिए, निरीक्षक शशि मर्सकोले, निरीक्षक बृजमोहन सिंह नरवरिया, निरीक्षक जीतेंद्र यादव सहित लोकायुक्त जबलपुर की टीम शामिल रही।






