भोपालमध्य प्रदेशमध्यप्रदेश

दुर्गा विसर्जन चल समारोह पर शहरभर में आज रूट डायवर्ट, घर से निकलने से पहले जान लें जरूरी रास्ते  

दुर्गा विसर्जन चल समारोह पर शहरभर में आज रूट डायवर्ट, घर से निकलने से पहले जान लें जरूरी रास्ते

भोपाल, यशभारत।  शहर में दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन और झांकियों के चल समारोह का दौर जारी है। प्रशासन के आंकड़ों के मुताबिक, अब तक छोटी-बड़ी 883 प्रतिमाएं विसर्जित की जा चुकी हैं, जबकि कुल 7 हजार से अधिक प्रतिमाओं का विसर्जन होना है। इसे लेकर ट्रैफिक पुलिस ने विशेष रूट प्लान और कड़े प्रतिबंध लागू किए हैं, जो आज रात से अगले दो दिनों तक प्रभावी रहेंगे।

रात 8 बजे से निकलेंगे मुख्य चल समारोह
बुधवार रात 8 बजे से प्रमुख मार्गों पर झांकियों के चल समारोह शुरू हो जाएंगे। मुख्य चल समारोह भारत टॉकीज तिराहा, सेंट्रल लाइब्रेरी, इतवारा चौराहा, गणेश चौक मंगलवारा, गल्ला मंडी हनुमानगंज, छोटे भैया चौराहा, जनकपुरी, जुमेराती, पुराना पोस्ट ऑफिस, सिंधी मार्केट, पीरगेट, मोती मस्जिद, रेतघाट और कमला पार्क से होते हुए कमलापति घाट पहुंचेगा। वहीं कुछ झांकियां पॉलीटेक्निक चौराहा, डिपो चौराहा और 25वीं वाहिनी के सामने से भदभदा तिराहा होते हुए प्रेमपुरा घाट जाएंगी। चल समारोह के आगे बढ़ने के साथ ही संबंधित मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित कर दिया जाएगा।

भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद
सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को देखते हुए शुक्रवार सुबह 8 बजे तक शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। खजूरी सड़क, मुबारकपुर, लांबाखेड़ा चौराहा, इस्लाम नगर, चौपड़ा कला चौराहा, पटेल नगर, 11 मील, रातीबड़, लालघाटी, नूरगंज तिराहा, एयरपोर्ट चौराहा, करोंद चौराहा, भानपुर चौराहा और रत्नागिरी से आगे भारी वाहन शहर के अंदर नहीं आ सकेंगे।

सिटी बस और चार पहिया वाहनों पर भी रोक

शाम 5 बजे के बाद: भारत टॉकीज चौराहा, अल्पना तिराहा, नादरा बस स्टैंड और भोपाल टॉकीज चौराहा के बीच सिटी बस, मैजिक और चार पहिया वाहनों का आवागमन बंद रहेगा।
शाम 6 बजे से: मंगलवारा थाना तिराहा, दयानंद चौक, जुमेराती पानी की टंकी तिराहा और पुरानी सब्जी मंडी की ओर से घोड़ा नक्कास व बस स्टैंड की तरफ वाहन नहीं जा सकेंगे।

यात्रियों और आम नागरिकों के लिए वैकल्पिक मार्ग

रेलवे स्टेशन जाने के लिए: भारत टॉकीज की ओर रास्ता बंद रहने पर यात्री एमपी नगर, न्यू मार्केट, अशोका गार्डन, 80 फीट रोड, प्रभात चौराहा, सुभाष नगर ओवरब्रिज और मैदा मिल मार्ग का उपयोग कर सकते हैं।
एयरपोर्ट जाने के लिए: लिंक रोड नंबर-1, अंबेडकर-बोर्ड ऑफिस चौराहा, डीबी मॉल तिराहा, सुभाष नगर, रेलवे ओवरब्रिज, प्रभात चौराहा और 80 फीट रोड का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके अलावा रात 2 बजे के बाद रेतघाट और वीआईपी रोड बंद होने की स्थिति में पुल बोगदा, भारत टॉकीज, रोशनपुरा, पुलिस कंट्रोल रूम, पीएचक्यू, लिली तिराहा, तलैया, हमीदिया रोड, तीन मोहल्ला, रॉयल मार्केट और लालघाटी वाले मार्ग का विकल्प खुला रहेगा।
इंदौर और सीहोर जाने वाले वाहन: शहर से बाहर जाने वाले वाहन झागरिया, रातीबड़, नीलबड़ और भदभदा चौराहा होकर आ-जा सकेंगे। लालघाटी से नूरगंज, गांधीनगर, एयरपोर्ट, मुबारकपुर और खजूरी सड़क बायपास का उपयोग किया जा सकता है।

बसों के संचालन में बदलाव
विसर्जन के चलते लंबी दूरी की बसों के रूट भी डायवर्ट किए गए हैं। इंदौर, सीहोर, गुना और ग्वालियर की ओर से आने वाली बसें हलालपुर बस स्टैंड तक ही आएंगी और इन्हें शहर में प्रवेश नहीं मिलेगा। वहीं बैरसिया बस स्टैंड की बसें बेस्ट प्राइज तिराहा तक ही संचालित होंगी। आईएसबीटी से चलने वाली बसें प्रभात गोविंदपुरा तिराहा, प्रभात चौराहा और भारत टॉकीज की ओर नहीं जा सकेंगी, इन्हें होशंगाबाद रोड और बायपास का उपयोग करना होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button