ई पत्रिका आभास का विमोचन, राजभाषा के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर

ई पत्रिका आभास का विमोचन, राजभाषा के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
भोपाल यश भारत । मानव संसाधन विभाग की ई-पत्रिका आभास के अंक-05 का विमोचन महाप्रबंधक मानव संसाधन ठाकुर उमानाथ सिंह के कर कमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों और हिंदी समिति के सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही। विमोचन समारोह को संबोधित करते हुए ठाकुर उमानाथ सिंह ने कहा कि सभी के सम्मिलित और समर्पित प्रयासों से मानव संसाधन विभाग राजभाषा के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि विभाग को अन्य विभागों के लिए प्रेरणा स्रोत बनना चाहिए तथा राजभाषा नीति, नियम और अधिनियमों का स्वयं पालन करते हुए अन्य को भी इसके लिए प्रेरित करना आवश्यक है। कार्यक्रम में अपर महाप्रबंधक मानव संसाधन एवं अध्यक्ष विहिस सुरेखा बंछोर, उप महाप्रबंधक प्रज्जल आदक, सचिव विहिस स्मृति शर्मा तथा प्रबंधक (राजभाषा) पूनम साहू सहित विभागीय हिंदी समिति के सदस्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर विभाग में राजभाषा कार्यान्वयन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कार्य योजनाओं, बैठकों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं जैसे विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही आगामी समय में हिंदी में किए जाने वाले कार्यों की रूपरेखा भी तय की गई।







