री नीट यूजी 2026: एमपी के आर्यमान सिंह सोलंकी बने स्टेट टॉपर, एआईआर 46 हासिल , 11.21 लाख अभ्यर्थी सफल, अब मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए काउंसलिंग की तैयारी

री नीट यूजी 2026: एमपी के आर्यमान सिंह सोलंकी बने स्टेट टॉपर, एआईआर 46 हासिल ,
11.21 लाख अभ्यर्थी सफल, अब मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए काउंसलिंग की तैयारी
भोपाल यश भारत। री-नीट यूजी 2026 के घोषित परिणामों में मध्य प्रदेश के जबलपुर से आर्यमन सिंह सोलंकी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 99.9977 परसेंटाइल और ऑल इंडिया रैंक 46 हासिल की है। इसके साथ ही वे मध्य प्रदेश के स्टेट टॉपर बने हैं। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी एनटीए ने 16 जुलाई 2026 को परीक्षा परिणाम जारी किए जिसमें देशभर के 20 लाख से अधिक परीक्षार्थियों में से 11.21 लाख उम्मीदवारों ने सफलता प्राप्त की। प्रदेश के अभ्यर्थी अपना स्कोरकार्ड प्राप्तांक और ऑल इंडिया रैंक एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं। परिणाम जारी होने के साथ ही अब देशभर के मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में प्रवेश के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू होने की तैयारी है। राष्ट्रीय स्तर पर पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल ने 715 में से 715 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया है। इस वर्ष भी छात्राओं का प्रदर्शन बेहतर रहा और सफल घोषित अभ्यर्थियों में 58 प्रतिशत से अधिक छात्राएं शामिल हैं। वहीं सामान्य वर्ग का क्वालिफाइंग कट ऑफ बढ़कर 213 अंक पहुंच गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में अधिक है। मेडिकल प्रवेश के लिए 15 प्रतिशत ऑल इंडिया कोटा एआईक्यूं की काउंसलिंग मेडिकल काउंसलिंग कमेटी एमसीसी द्वारा आयोजित की जाएगी जबकि 85 प्रतिशत राज्य कोटा की सीटों के लिए मध्य प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा संचालनालय डीएमई अलग से काउंसलिंग कार्यक्रम जारी करेगा। इसी प्रक्रिया के तहत प्रदेश के शासकीय एवं निजी मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में एमबीबीएस बीडीएस और आयुष पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिए जाएंगे। प्रदेश के प्रमुख संस्थानों जैसे गांधी मेडिकल कॉलेज भोपाल और एमजीएम मेडिकल कॉलेज इंदौर सहित अन्य मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश का रास्ता अब परिणाम के साथ साफ हो गया है।






