मेडिकल कॉलेज में चूहों की लापरवाही: एचएलएल इंफ्रा टेक पर 50 हजार रुपये का जुर्माना*
जबलपुर,यश भारत

मेडिकल कॉलेज में चूहों की लापरवाही: एचएलएल इंफ्रा टेक पर 50 हजार रुपये का जुर्माना*
जबलपुर,यश भारत नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में मरीजों के पैर चूहों द्वारा कुतरने की गंभीर घटना के बाद सफाई व्यवस्था और पेस्ट कंट्रोल में लापरवाही बरतने के लिए एचएलएल इंफ्रा टेक सर्विसेज लिमिटेड पर 50 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया है। यह कार्रवाई अस्पताल अधीक्षक डॉ. अरविंद शर्मा ने कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर की है।
मंगलवार रात कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने मेडिकल कॉलेज के मनोरोग विभाग का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने सफाई और पेस्ट कंट्रोल में गंभीर खामियां पाईं। निरीक्षण में कचरा एकत्र करने के स्थान और मनोरोग विभाग के आसपास गंदगी पाई गई। चूहों की रोकथाम के लिए रखी जाने वाली गम प्लेट केवल एक स्थान पर थी, और दवाइयां भी अपर्याप्त मात्रा में मिलीं। कलेक्टर ने इस लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
अस्पताल अधीक्षक द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि पूर्व में दी गई मौखिक और लिखित चेतावनियों के बावजूद एचएलएल इंफ्रा टेक ने नियमित सफाई और पेस्ट कंट्रोल में उदासीनता दिखाई, जिससे अस्पताल की छवि को नुकसान पहुंचा। अर्थदंड की राशि कंपनी के देयक से वसूल की जाएगी।
डॉ. शर्मा ने एचएलएल इंफ्रा टेक के प्रबंधक को पेस्ट कंट्रोल सुपरविजन और संबंधित कर्मचारियों पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। साथ ही, कंपनी को तुरंत स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने की हिदायत दी गई है। इस घटना ने अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं, और भविष्य में ऐसी लापरवाही रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की बात कही गई है।







