राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने परेड में शामिल एनसीसी कैडेट्स के प्रदर्शन की सराहना की
दो कैडेट्स को मिला ऑल इंडिया बेस्ट कैडेट का अवार्ड

जबलपुर,यशभारत। 26 जनवरी को नई दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होने वाले जबलपुर के एनसीसी कैडेट्स ने राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा से मुलाकात की। इस दौरान सांसद ने कैडेट्स की हौसला अफजाई करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उनके प्रदर्शन की सराहना की। मुलाकात के दौरान जबलपुर ग्रुप कोर एमपी सीटीआर के कैडेट सीनियर ऑफिसर विशाल सिंह, जिन्हें प्रधानमंत्री द्वारा ऑल इंडिया बेस्ट कैडेट का अवार्ड प्रदान किया गया है, विशेष रूप से मौजूद रहे। सांसद ने उनकी उपलब्धि को जबलपुर और प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण बताया।
राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने कहा कि जबलपुर के एनसीसी कैडेट्स ने दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में हिस्सा लेकर शहर का नाम रोशन किया है। उन्होंने बताया कि इस दल में शामिल दो कैडेट्स को बेस्ट कैडेट्स के रूप में चुना गया, जो आर्मी और नेवी विंग से हैं, जिन्हें प्रधानमंत्री और सेना व नौसेना प्रमुखों द्वारा सम्मानित किया गया।
सांसद तन्खा ने कहा कि एनसीसी की भावना युवाओं में अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और भारतीयता की भावना को मजबूत करती है। उन्होंने सुझाव दिया कि एनसीसी की ट्रेनिंग को और अधिक बढ़ावा दिया जाना चाहिए, ताकि बच्चों और युवाओं में देशभक्ति और सेवा का भाव विकसित हो सके।







