प्रधानमंत्री आवास और नगर निगम नौकरी का झांसा: फर्जी असिस्टेंट आरआई ने सात लोगों से लाखों ठगे

जबलपुर, यश भारत। शासकीय प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान दिलाने और नगर निगम में नौकरी लगवाने के नाम पर सात लोगों से लाखों रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने स्वयं को नगर निगम में पदस्थ असिस्टेंट आरआई बताकर भरोसा जीता और फिर योजनाबद्ध तरीके से रकम ऐंठ ली। न तो किसी को मकान मिला और न ही नौकरी। ठगी का खुलासा होने के बाद मामला थाने पहुंचा, जहां हनुमानताल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
असिस्टेंट आरआई बताकर रचा भरोसे का जाल
पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता श्रीमती अंजली बेन पति अर्पित श्रीवास्तव (28 वर्ष), निवासी शीतला माई, अचार्य विनोबा भावे वार्ड, हनुमानताल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी दोस्ती विक्की उर्फ विकास कुमार के माध्यम से अतुल आचार्य से हुई थी। अतुल ने खुद को नगर निगम में पदस्थ असिस्टेंट आरआई बताते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान दिलाने का झांसा दिया।
मकान बुकिंग के नाम पर पहली रकम वसूली
आरोपी ने मकान बुकिंग के नाम पर 35 हजार रुपये मांगे। 17 फरवरी 2024 को शिकायतकर्ता ने 30 हजार रुपये ऑनलाइन और 5 हजार रुपये नकद अतुल आचार्य को विक्की की मौजूदगी में दिए। इसके बाद आरोपी टालमटोल करने लगा और न तो मकान दिलाया और न ही रकम लौटाई।
नौकरी का लालच देकर दोबारा ठगी
जब पीड़िता ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने नगर निगम में सीएसआई पद पर नौकरी दिलाने का प्रलोभन दिया। 15 जून 2024 को भानतलैया नगर निगम परिसर, थाना बेलबाग क्षेत्र में शिकायतकर्ता ने अपने भाई राज बेन की मौजूदगी में 35 हजार रुपये नकद दिए। इसके बदले आरोपी ने एक फर्जी नियुक्ति पत्र और आईडी कार्ड भी सौंप दिया। इस तरह पीड़िता से कुल 70 हजार रुपये की ठगी की गई।
सात लोगों से लाखों की धोखाधड़ी
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने इसी तरह अन्य लोगों को भी नौकरी का झांसा देकर ठगा।
राखी दाहिया से – 73,000 रुपये
आरती चौधरी से – 1,53,000 रुपये
राज बेन से – 20,000 रुपये
अर्जुन मसराम से – 85,000 रुपये
भवनेश बरसे से – 1,68,000 रुपये
वर्षा सुनमोरिया से – 22,500 रुपये
एफआईआर दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
हनुमानताल पुलिस ने स्वयं को नगर निगम का असिस्टेंट आरआई बताकर धोखाधड़ी करने वाले आरोपी के खिलाफ मामला पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और अन्य पीड़ितों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।







