देश

पुलिस कमिश्नर ने किया मिनाल-अयोध्या नगर में जनसंवाद; शराबियों और चोरों पर सख्ती के निर्देश

पुलिस कमिश्नर ने किया मिनाल-अयोध्या नगर में जनसंवाद; शराबियों और चोरों पर सख्ती के निर्देश

भोपाल, यश भारत। राजधानी में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और जनता के बीच पुलिस की पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने मिनाल थाना अयोध्या नगर क्षेत्र में नागरिकों के साथ जनसंवाद किया। इस दौरान स्थानीय निवासियों ने क्षेत्र की सुरक्षा, ट्रैफिक और नशाखोरी से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया, जिस पर सीपी ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही निराकरण के निर्देश दिए।

नरेला क्षेत्र में बढ़ती चोरी और स्नैचिंग पर चिंता
संवाद के दौरान नागरिकों ने बताया कि नरेला और आसपास के क्षेत्रों में मोबाइल चोरी और चेन स्नेचिंग की घटनाएं बढ़ रही हैं। निवासियों ने रात के समय शराब पीकर घूमने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस की सख्ती बढ़ाने और निगरानी गश्त तेज करने का सुझाव दिया। सीपी ने आश्वस्त किया कि इन क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जाएगी और संदिग्धों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।

ट्रैफिक और चेकिंग के समय में बदलाव की मांग
मिनाल लेफ्ट टर्न पर लगने वाले ट्रैफिक जाम का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। जनता ने सुझाव दिया कि ऑफिस के समय पर वाहन चेकिंग करने के बजाय समय में बदलाव किया जाए ताकि नौकरीपेशा लोगों को परेशानी न हो। साथ ही, डीजे साउंड की आवाज को मर्यादित रखने और उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की मांग भी की गई।

डायल 112 की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
संवाद में डायल 112 की सेवा को लेकर एक गंभीर शिकायत सामने आई, जिसमें बताया गया कि रिस्पांस टीम ने घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाने में असमर्थता जताई। इस पर सीपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस का प्राथमिक कर्तव्य जीवन बचाना है और उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत 112 पर दें।

गोपनीय रहेगी सूचना देने वालों की पहचान
सीपी संजय कुमार ने नशा मुक्ति और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान में जनता से सहयोग मांगा। उन्होंने कहा कि
नशीले पदार्थों या अवैध हथियारों की जानकारी देने वाले नागरिकों का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा। शहर को सुरक्षित बनाना हम सबकी साझा जिम्मेदारी है।

साइबर सुरक्षा और यातायात की शपथ
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नागरिकों को साइबर अपराधों से बचने के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही, सभी को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई। स्थानीय नागरिकों ने थाना स्तर पर मिल रहे सहयोग की सराहना की, जिस पर सीपी ने पुलिस टीम का उत्साहवर्धन किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button