भोपालमध्य प्रदेश

रामेश्वरम कॉलोनी में पुलिस कमिश्नर ने किया जनसंवाद

रामेश्वरम कॉलोनी में पुलिस कमिश्नर ने किया जनसंवाद

चोरी की घटनाओं और खुले में शराब पीने वालों पर कार्रवाई के दिए निर्देश

​भोपाल, यशभारत। राजधानी के बागसेवनिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली रामेश्वरम कॉलोनी में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और स्थानीय समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने नागरिकों के साथ एक महत्वपूर्ण जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया। इस सीधे संवाद के दौरान स्थानीय निवासियों ने पुलिस कमिश्नर के समक्ष क्षेत्र की प्रमुख सुरक्षा चिंताओं को रखा, जिस पर उन्होंने गंभीरतापूर्वक संज्ञान लेते हुए मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
​जनसंवाद में नागरिकों द्वारा कॉलोनी में हुई चोरी की हालिया घटना के संबंध में चिंता व्यक्त की गई। इस पर पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने स्पष्ट किया कि पुलिस अपराधियों की धरपकड़ के लिए पूरी गंभीरता से काम कर रही है। उन्होंने थाना पुलिस को मामले में अब तक हुई प्रगति की समीक्षा करने और चोरी की वारदातों पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए कॉलोनी में रात्रि गश्त बढ़ाने के सख्त निर्देश दिए।

इसके साथ ही स्थानीय निवासियों ने शिकायत दर्ज कराई कि क्षेत्र में कुछ असामाजिक तत्व खुलेआम शराब पीकर घूमते हैं, जिससे माहौल असुरक्षित होता है और विशेषकर महिलाओं व बच्चों में असुरक्षा की भावना पैदा होती है। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए पुलिस आयुक्त ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीने और हुड़दंग मचाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बागसेवनिया थाना पुलिस को ऐसे तत्वों के खिलाफ तत्काल विशेष चेकिंग अभियान चलाने और सख्त वैधानिक कार्रवाई करने के आदेश दिए।

संवाद के दौरान पुलिस आयुक्त ने नागरिकों से अपील की कि वे सुरक्षा को लेकर सजग रहें और क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्व के नजर आने पर उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय से ही क्षेत्र को पूरी तरह सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button