
हितग्राहीमूलक सेवाओं के लंबित मामलों का समय-सीमा में निराकरण हो , जेडीए सीईओ दीपक वैद्य
जबलपुर, यश भारत। जबलपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) के सीईओ दीपक वैद्य ने भू-अर्जन एवं संपदा शाखा के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए हितग्राहीमूलक सेवाओं से जुड़े मामलों का तय समय-सीमा में निराकरण करने के सख्त निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान राजस्व रिकॉर्ड में जेडीए द्वारा अर्जित भूमियों के नामांतरण प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए रिकॉर्ड दुरुस्तीकरण कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही योजना क्रमांक 64 एवं 65 के शेष अनुबंध शीघ्र संपादित कराने के लिए भू-अर्जन शाखा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया।
भू-अर्जन एवं संपदा शाखा अंतर्गत लीज नवीनीकरण, फ्रीहोल्ड, हस्तांतरण सहित अन्य हितग्राहीमूलक सेवाओं के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए सीईओ ने कहा कि जो प्रकरण नियमानुसार निराकरण योग्य हैं, उनका निपटारा निर्धारित समयावधि में अनिवार्य रूप से किया जाए।
सीईओ ने सख्त हिदायत दी कि किसी भी स्थिति में हितग्राहियों के प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहें। ऐसा पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
नस्तियों के डिजिटलीकरण की प्रक्रिया के तहत भू-अर्जन एवं संपदा शाखा को प्राथमिकता के आधार पर फाइलों की स्कैनिंग कराने के निर्देश भी दिए गए, ताकि नस्तियां एवं महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित रह सकें।







