उजारपुरवा में पुरानी रंजिश में देर रात बवाल, पथराव और तोड़फोड़ से दहशत
10-12 युवकों पर हथियारों के साथ हमला करने का आरोप

जबलपुर,यशभारत। लॉर्डगंज थाना क्षेत्र के उजारपुरवा गली नंबर-2 में रविवार देर रात पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक विवाद हो गया। पहले एक युवक के साथ मारपीट की गई, जिसके बाद दूसरे पक्ष के 10 से 12 युवक हथियारों से लैस होकर मौके पर पहुंचे और जमकर उत्पात मचाया। आरोपियों ने पथराव किया, तलवारें लहराकर क्षेत्र में दहशत फैलाई तथा घरों के बाहर खड़ी मोटरसाइकिलों में तोड़फोड़ कर दी। विरोध करने पर रिंकू यादव घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही लॉर्डगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सौरभ रैकवार, सत्यम रैकवार सहित कुछ असामाजिक तत्व क्षेत्र में आए दिन शराब पीने के लिए पैसों की मांग करते हैं। विरोध करने पर विवाद और मारपीट करते हैं। उनका कहना है कि बीती रात करीब 2 बजे 10 से 12 युवक हथियारों के साथ पहुंचे और अचानक हमला कर दिया, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
क्षेत्रवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व में भी संबंधित लोगों के खिलाफ शिकायतें की गई थीं, लेकिन पुलिस की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण उनके हौसले बुलंद हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर आरोपियों की तलाश में जुटी है।







