ऑपरेशन सिंदूर की बरसी : पीएम मोदी का संदेश, कहा- आतंकवाद और उसे बढ़ावा देने वालों को नहीं बख्शेगा भारत
तीनों सेनाओं के तालमेल की सराहना

नई दिल्ली,एजेंसी। नरेंद्र मोदी ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पहली वर्षगांठ पर भारतीय सशस्त्र बलों की वीरता को याद करते हुए आतंकवाद और उसे समर्थन देने वाले तंत्र पर कड़ा संदेश दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत आतंकवाद के खिलाफ अपनी नीति पर पूरी मजबूती से कायम है और देश की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी संदेश में पीएम मोदी ने कहा कि एक वर्ष पहले भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान अद्भुत साहस, सटीक रणनीति और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय दिया था। यह अभियान उन आतंकियों के खिलाफ चलाया गया था जिन्होंने पहलगाम में निर्दोष भारतीयों को निशाना बनाया था। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश भारतीय जवानों की बहादुरी और समर्पण को सलाम करता है। उन्होंने कहा कि इस ऑपरेशन ने दुनिया को भारत की आतंकवाद के खिलाफ स्पष्ट और सख्त नीति का संदेश दिया।
तीनों सेनाओं के तालमेल की सराहना
पीएम मोदी ने भारतीय सशस्त्र बलों की पेशेवर क्षमता और तीनों सेनाओं के बीच बेहतर समन्वय की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सेना, वायुसेना और नौसेना के बीच शानदार तालमेल देखने को मिला, जिसने भारत की सैन्य ताकत को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित किया।
आत्मनिर्भर भारत पर भी जोर
प्रधानमंत्री ने रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वदेशी रक्षा उत्पादन और आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देने के प्रयासों ने देश की सुरक्षा को नई मजबूती दी है। उन्होंने दोहराया कि भारत आतंकवाद को पूरी तरह समाप्त करने के अपने संकल्प पर अडिग है। साथ ही, जो लोग आतंकवाद को बढ़ावा देते हैं या उसे समर्थन देने वाला तंत्र चलाते हैं, उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।






