यश और अभिषेक ही लाख के आंकड़े पार कर पाए, बाकी उम्मीदवार हजारों में सिमटे

यश और अभिषेक ही लाख के आंकड़े पार कर पाए, बाकी उम्मीदवार हजारों में सिमटे
जबलपुर यशभारत । मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के बहुप्रतीक्षित चुनाव के नतीजे सामने आ गए हैं। प्रदेश अध्यक्ष पद की दौड़ में जबलपुर के यश घनघोरिया ने सबसे आगे रहते हुए बाज़ी मार ली है। यश को 3.13 लाख से अधिक वोट मिले हैं, जबकि दूसरे स्थान पर रहे अभिषेक परमार को 2 लाख 38 हजार से अधिक मत प्राप्त हुए हैं। बाकी 16 दावेदार केवल हजारों के आंकड़े तक ही सिमट कर रह गए।
प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए कुल 18 उम्मीदवार मैदान में थे। यह पहली बार था जब मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस का चुनाव पूरी तरह ऑनलाइन प्रक्रिया से संपन्न कराया गया। चुनावी प्रक्रिया अप्रैल से जुलाई तक चली। इस दौरान 15 लाख 37 हजार से अधिक युवाओं ने सदस्यता फॉर्म भरे, जिनमें से 14 लाख 74 हजार युवाओं ने शुल्क सहित सदस्यता ग्रहण की। हालांकि, बाद में करीब 4.3 लाख वोट रिजेक्ट किए जाने की जानकारी भी सामने आई थी। महासचिव पद पर धीरेंद्र सिंह परिहार को सर्वाधिक वोट
महासचिव पद के लिए हुए चुनाव में धीरेंद्र सिंह परिहार को सबसे अधिक 17,716 वोट प्राप्त हुए हैं। वहीं, सत्यम सिंह गुर्जर को 15,201 मत मिले। इस पद के लिए कुल 182 उम्मीदवार मैदान में थे, जबकि 55 पद निर्धारित हैं। आधिकारिक घोषणा शेष, वेबसाइट पर परिणाम जारी
युवा कांग्रेस की वेबसाइट पर इन नतीजों को सार्वजनिक कर दिया गया है, हालांकि आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है। सूत्रों के अनुसार, विजेताओं के साक्षात्कार के बाद औपचारिक रूप से नतीजों की घोषणा की जाएगी।
प्रदेश पदाधिकारियों के अलावा नगर, ग्रामीण और विधानसभा अध्यक्षों के नाम भी सामने आने लगे हैं। कई स्थानों पर समर्थकों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया है, जबकि वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का कहना है कि अब औपचारिक घोषणा महज एक प्रक्रिया भर रह गई है।







