भोपालमध्य प्रदेश

कुख्यात गैंगस्टर राजू ईरानी गिरफ्तार, 14 राज्यों में फैला था आतंक का नेटवर्क

कुख्यात गैंगस्टर राजू ईरानी गिरफ्तार, 14 राज्यों में फैला था आतंक का नेटवर्क

भोपाल, यशभारत। देशभर की पुलिस के लिए दो दशक से सिरदर्द बना भोपाल का कुख्यात गैंगस्टर आबिद अली उर्फ राजू उर्फ रहमान डकैत आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। सूरत क्राइम ब्रांच ने एक गुप्त ऑपरेशन के तहत उसे लालगेट इलाके से गिरफ्तार किया। आरोपी पर 14 राज्यों में लूट, धोखाधड़ी और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं।

कभी CBI अफसर तो कभी बना साधु
रहमान डकैत की कार्यप्रणाली (Modus Operandi) बेहद शातिर थी। वह और उसके गैंग के सदस्य सफारी सूट पहनकर खुद को CBI अधिकारी बताते थे और बुजुर्गों को सुरक्षा जांच के नाम पर लूट लेते थे। कभी-कभी वे साधु-बाबा का भेष धरकर भी लोगों को अपनी ठगी का शिकार बनाते थे।

कॉरपोरेट स्टाइल में चलाता था गैंग
जांच में खुलासा हुआ है कि रहमान अपने आपराधिक गिरोह को किसी मल्टीनेशनल कंपनी की तरह चलाता था। यदि गैंग का कोई सदस्य पकड़ा जाता, तो रहमान उसके परिवार का खर्च, वकील की फीस और जमानत की जिम्मेदारी खुद उठाता था। हर वारदात में उसका ‘कमीशन’ पहले से तय होता था। वह भोपाल के ‘ईरानी डेरा’ से देशभर में करीब 6 अलग-अलग गैंग ऑपरेट कर रहा था।

लग्जरी कारों और अरबी घोड़ों का शौक
लूट की काली कमाई से रहमान ने भोपाल के अमन नगर में एक रसूखदार साम्राज्य खड़ा कर रखा था। वह अरबी घोड़ों, महंगी स्पोर्ट्स बाइक और लग्जरी कारों का शौकीन था। इलाके में उसकी दहशत इतनी थी कि पुलिस को सूचना देने वाले एक मुखबिर को उसने सपरिवार घर में बंद कर जिंदा जलाने की कोशिश भी की थी।

महिलाओं और बच्चों को बनाता था ढाल
पुलिस ने बताया कि रहमान को पकड़ना हमेशा चुनौतीपूर्ण रहा। जब भी पुलिस दबिश देती, वह घर की महिलाओं और बच्चों को आगे कर देता था और इसी हंगामे का फायदा उठाकर पीछे के रास्ते से फरार हो जाता था। पिछले साल दिसंबर में भोपाल पुलिस के 150 जवानों को भी वह इसी तरह चकमा देकर भाग निकला था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button