NH-30 पर भीषण सड़क हादसा, ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल, क्षेत्र में हड़कंप

सतना /मैहर यश भारत | मैहर थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-30 इटमा गांव के पास तड़के लगभग 4 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार रीवा की ओर से आ रहा एक ट्रक अज्ञात वाहन से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, राहत दल एवं एंबुलेंस मौके पर पहुंची। चालक को बाहर निकालने के लिए क्रेन की सहायता ली गई। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। घायल चालक की पहचान 27 वर्षीय सनोज कुमार निवासी मिर्जापुर के रूप में हुई है। उपचार के लिए उसे एंबुलेंस से सिविल अस्पताल मैहर में भर्ती कराया गया है,
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अज्ञात वाहन की तलाश भी की जा रही है। हादसे के कारण कुछ समय तक राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सुचारु रूप से बहाल कर दिया गया।







