उतरप्रदेशदेश

संगम स्नान के दौरान लापता हुई नवविवाहिता,गहनों से लदी कोमल की तलाश में जुटा परिवार

पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज

प्रयागराज,यशभारत। संगम क्षेत्र में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया जब दर्शन-पूजन और स्नान के लिए आई एक नवविवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। घटना के बाद से परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवार अनहोनी की आशंका से चिंतित है। मामले की सूचना दारागंज थाने में देकर नवविवाहिता की तलाश की मांग की गई है।

जानकारी के अनुसार यमुनापार के नारीबारी निवासी राकेश केसरवानी अपनी नवविवाहिता पुत्री कोमल केसरवानी (23), दामाद नवीन केसरवानी तथा अन्य पारिवारिक सदस्यों के साथ रविवार सुबह करीब 11 बजे संगम क्षेत्र स्थित लेटे हनुमान जी मंदिर में दर्शन के लिए आए थे। दर्शन से पूर्व पूरा परिवार किला घाट पर गंगा स्नान करने पहुंचा। स्नान के बाद परिवार की महिलाएं कपड़े बदलने के लिए चेंजिंग रूम की ओर गईं। इसी दौरान कोमल भी उनके साथ थी। परिजन के अनुसार कोमल अपनी शादी में मिले सभी कीमती गहने पहने हुए थी। जब महिलाएं कपड़े बदलने में व्यस्त थीं, तभी कोमल अचानक वहां से गायब हो गई। कुछ देर बाद जब परिजन ने उसे नहीं देखा तो उनकी बेचैनी बढ़ गई।

परिवार के लोगों ने संगम क्षेत्र, घाटों और आसपास के इलाकों में घंटों तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। परिजन का कहना है कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ के बीच वह भटक गई होगी अथवा किसी अवांछनीय तत्व ने उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले लिया होगा। काफी खोजबीन के बाद कोमल के मामा विष्णुकांत केसरवानी निवासी बारा (यमुनापार) ने दारागंज थाने में तहरीर देकर उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई।

पुलिस को दी गई तहरीर में बताया गया है कि हाल ही में कोमल का विवाह हुआ था और वह परिवार के साथ गंगा स्नान एवं लेटे हनुमान जी के दर्शन के लिए आई थी जहां वह अचानक लापता हो गई। घटना के बाद से परिवार गहरे सदमे में है। परिजन बेटी की सकुशल घर वापसी की गुहार लगा रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक पूरा परिवार प्रयागराज में ही रुका हुआ था और पुलिस के साथ मिलकर कोमल की तलाश में जुटा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा संगम क्षेत्र और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की तैयारी कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button