न्यू क्राइस्ट चर्च गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कला, शिल्प, विज्ञान और गणित प्रदर्शनी का आयोजन
700 से अधिक छात्राओं ने उत्साहपूर्वक की सहभागिता

जबलपुर,यशभारत। न्यू क्राइस्ट चर्च गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कला एवं शिल्प, विज्ञान और गणित प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में विद्यालय की 700 से अधिक छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और अपनी रचनात्मकता व वैज्ञानिक सोच का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी में डॉक्टर अनुपम श्रीवास्तव और डॉक्टर प्रियंका श्रीवास्तव मुख्य अतिथि और जज के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों ने छात्राओं द्वारा तैयार किए गए मॉडल की सराहना की।
प्रदर्शनी के विज्ञान और गणित अनुभाग में छात्राओं द्वारा तैयार किए गए नवाचारी मॉडल आकर्षण का केंद्र रहे। इन मॉडलों के माध्यम से व्यावहारिक शिक्षा, तार्किक सोच और आधुनिक तकनीकी अवधारणाओं को सरल रूप में प्रस्तुत किया गया, जिसे आगंतुकों ने सराहा।

वहीं कला एवं शिल्प अनुभाग में पूरी तरह से बेकार सामग्री से निर्मित आकर्षक कलाकृतियां प्रदर्शित की गईं। इन रचनाओं ने पुनर्चक्रण, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास का सशक्त संदेश दिया। विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं को भारतीय राज्यों एवं कुछ विदेशी देशों की थीम पर सृजनात्मक रूप से सजाया गया था, जिससे सांस्कृतिक विविधता और वैश्विक दृष्टिकोण की झलक देखने को मिली। प्रदर्शनी को अभिभावकों, शिक्षकों और अतिथियों से व्यापक सराहना मिली। आयोजन को सफल बनाने में स्कूल प्राचार्य जैस्मीन और साइंस टीचर रचना तिवारी की अहम् भूमिका रही।








