भोपालमध्य प्रदेश

हंगामे के बीच नगर निगम की बैठक स्थगित, बांदीखेड़ी जलापूर्ति योजना पर हुई बहस

हंगामे के बीच नगर निगम की बैठक स्थगित, बांदीखेड़ी जलापूर्ति योजना पर हुई बहस

यश भारत भोपाल। हंगामे के बीच गुरुवार को हुई भोपाल नगर निगम की 14वीं परिषद की बैठक आखिरकार स्थगित करनी पड़ी। आईएसबीटी स्थित निगम कार्यालय में हुई बैठक के दौरान प्रश्नकाल में ही विपक्षी कांग्रेस पार्षदों ने शहर सरकार को घेर लिया। बस सेवा, उद्यानिकी खरीदी, समग्र आईडी से नाम काटने, पार्षद निधि और स्वच्छता सर्वेक्षण जैसे मुद्दों पर विपक्ष ने तीखे सवाल उठाए। इसी दौरान पार्षद हमीदउल्ला के मुद्दे पर हंगामा हो गया, जिससे बैठक का माहौल गर्मा गया।

लंच ब्रेक के बाद निगम की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई तो एमआईसी मेंबर रविंद्र यती ने भारत सरकार की ईएमसी 2.0 बांदीखेड़ी जलापूर्ति योजना का प्रस्ताव सदन में पेश किया। भाजपा पार्षदों ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया, जबकि कांग्रेस पार्षदों ने कड़ा विरोध जताया।

कांग्रेस पार्षद योगेंद्र सिंह गुड्डू चौहान ने कहा कि जब शहर के कई वार्डों में पेयजल की गंभीर समस्या है, तो शहर से बाहर जलापूर्ति योजना लाना उचित नहीं है। वहीं नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी ने योजना को अधूरी बताते हुए सवाल किया कि जब तक जमीन का आवंटन नहीं हुआ है, तब तक परियोजना को इतनी जल्दबाजी में क्यों लाया जा रहा है।

विपक्ष के विरोध के बावजूद बहुमत के आधार पर प्रस्ताव पारित कर दिया गया। इसके बाद कांग्रेस पार्षदों ने विरोध जताते हुए सदन में नारेबाजी शुरू कर दी। बढ़ते हंगामे के चलते निगम अध्यक्ष ने बैठक को स्थगित करने की घोषणा की।

बैठक स्थगित होने के बाद भी सत्तापक्ष और विपक्ष के पार्षदों के बीच बाहर देर तक बहस होती रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button