एमपी पुलिस ने 4 दिनों में प्रदेशभर से 89.40 लाख का मशरुका बरामद

एमपी पुलिस ने 4 दिनों में प्रदेशभर से 89.40 लाख का मशरुका बरामद
भोपाल, यशभारत। मध्यप्रदेश पुलिस ने पिछले चार दिनों के भीतर प्रदेश के विभिन्न जिलों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चोरी, डकैती और नकबजनी के मामलों में लगभग 89 लाख 40 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने न केवल शातिर गिरोहों का भंडाफोड़ किया, बल्कि आधुनिक तकनीक और ऑपरेशन त्रिनेत्रम’ के जरिए 24 घंटे के भीतर वारदातों का खुलासा भी किया।
उज्जैन में सबसे बड़ी रिकवरी: 35 लाख का सोना बरामद
पुलिस के अनुसार, सबसे बड़ी सफलता उज्जैन पुलिस को मिली, जहां लॉकर चोरी की घटना के महज 24 घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से लगभग 35 लाख रुपये मूल्य का 230 ग्राम सोना बरामद किया गया है।
हाईटेक पुलिसिंग: सीसीटीवी से धराए विदिशा के डकैत
विदिशा के चर्चित अरिहंत ज्वैलर्स डकैती कांड को सुलझाने के लिए पुलिस ने आधुनिक तकनीक का सहारा लिया। टीम ने 260 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और 180 संदिग्धों से पूछताछ की। इस मामले में 03 आरोपियों और 02 किशोरों को गिरफ्तार कर 13 लाख की संपत्ति जब्त की गई। वहीं देवास पुलिस ने ‘ऑपरेशन त्रिनेत्रम’ के कैमरों की मदद से सूने घरों में चोरी करने वाले गिरोह को पकड़ा और 10 लाख का माल बरामद किया।
इंदौर में 5G उपकरण चोरी करने वाला गिरोह बेनकाब
इंदौर में अपराध के एक नए पैटर्न का खुलासा हुआ है। हीरानगर पुलिस ने मोबाइल टावरों से 5G नेटवर्क उपकरण चुराने वाली गैंग को पकड़ा है। इनके पास से 9.30 लाख के उपकरण और वाहन बरामद किए गए हैं। इसके अलावा इंदौर की द्वारकापुरी पुलिस ने नकबजनी की 4 वारदातों को सुलझाते हुए 5.20 लाख की बरामदगी की है।
अन्य जिलों में भी त्वरित कार्रवाई
सीहोर: रेहटी पुलिस ने चोरी हुई धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली मात्र 3 दिन में बरामद की (कीमत 10 लाख)।
छतरपुर: प्रतापपुरा में हुई चोरी का 24 घंटे में खुलासा, 5 लाख के जेवरात बरामद।
मुरैना व मंडला: पोरसा और मंडला पुलिस ने क्रमशः सोने के आभूषण और केबल वायर चोरी के मामलों में सफलता पाई।







