जबलपुरमध्य प्रदेश

एमपी में 5वीं-8वीं का रिजल्ट जारी: बेटियों का शानदार प्रदर्शन

23 लाख छात्रों को बड़ी राहत

जबलपुर,यशभारत। मध्यप्रदेश में कक्षा 5वीं और 8वीं के परीक्षा परिणाम बुधवार को जारी कर दिए गए, जिससे 23 लाख से अधिक विद्यार्थियों का लंबा इंतजार समाप्त हो गया। राज्य शिक्षा केन्द्र, स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा वल्लभ भवन में आयोजित कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने परिणाम घोषित किए।

इस वर्ष कक्षा 5वीं का कुल परीक्षा परिणाम 95.14 प्रतिशत रहा, जबकि कक्षा 8वीं में 93.83 प्रतिशत विद्यार्थी सफल घोषित किए गए। दोनों ही कक्षाओं में छात्राओं ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए छात्रों से बेहतर परिणाम हासिल किए। आंकड़ों के अनुसार, कक्षा 5वीं में 96.19 प्रतिशत छात्राएं और 94.15 प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण हुए। वहीं कक्षा 8वीं में 94.98 प्रतिशत छात्राएं और 92.74 प्रतिशत छात्र पास हुए, जो बेटियों की लगातार बढ़ती शैक्षणिक उपलब्धि को दर्शाता है।

इस बार दोनों परीक्षाएं बोर्ड पैटर्न पर आयोजित की गई थीं, जिससे विद्यार्थियों और अभिभावकों में खास उत्सुकता बनी रही। परीक्षा का स्तर भी पिछले वर्षों की तुलना में अधिक चुनौतीपूर्ण माना गया, जिसके कारण परिणाम को लेकर जिज्ञासा और बढ़ गई थी।

प्रदेशभर में आयोजित इन परीक्षाओं में कक्षा 5वीं के 12.76 लाख से अधिक और कक्षा 8वीं के 10.92 लाख से अधिक विद्यार्थी शामिल हुए। इस तरह कुल मिलाकर 23.68 लाख से अधिक छात्रों ने इन परीक्षाओं में भाग लिया। रिजल्ट जारी होने के साथ ही प्रदेशभर में खुशी का माहौल है और सफल विद्यार्थियों के चेहरों पर मुस्कान देखने को मिल रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button