भोपाल के अशूरा से कल निकलेगा मातमी जुलूस, शहरभर से उठेंगे ताज़िये पीरगेट पर होगा सभी जुलूसों का संगम, कर्बला वीआईपी रोड तक होगी अज़ादारी

भोपाल के अशूरा से कल निकलेगा मातमी जुलूस, शहरभर से उठेंगे ताज़िये
पीरगेट पर होगा सभी जुलूसों का संगम, कर्बला वीआईपी रोड तक होगी अज़ादारी
भोपाल, यश भारत। शहादत-ए-इमाम हुसैन और शोहदाए कर्बला की याद में राजधानी भोपाल में आज यौमे आशूरा पर मातमी जुलूस निकाला जाएगा। मुहर्रम की 10वीं तारीख के अवसर पर शिया समाज द्वारा शहर के विभिन्न इमामबाड़ों और अज़ाखानों से ताज़िये तथा मातमी जुलूस बरामद किए जाएंगे। जुलूसों में अकीदतमंद मातम नौहाख्वानी और अज़ादारी के माध्यम से इमाम हुसैन को खिराज-ए-अकीदत पेश करेंगे। सुबह से ही शहर के विभिन्न क्षेत्रों से जुलूस निकलने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। सुबह 8 बजे करोंद स्थित मस्जिद आले मोहम्मद शिया जामा मस्जिद से मातमी जुलूस रवाना होगा। इसके बाद सुबह 9 बजे ईरानी इमामबाड़ा से जुलूस निकलेगा। वहीं काजी कैम्प क्षेत्र से सुबह 10 बजे तथा फतेहगढ़ स्थित इमामबारगाह दरबार-ए-हुसैनी से सुबह 10:30 बजे मातमी जुलूस निकाला जाएगा। शहर के अलग अलग हिस्सों से आने वाले सभी जुलूस पीरगेट क्षेत्र में एकत्र होंगे। यहां से संयुक्त रूप से मातम और नौहाख्वानी करते हुए अकीदतमंद कर्बला वीआईपी रोड की ओर रवाना होंगे जहां अशूरा की पारंपरिक रस्में अदा की जाएंगी। अशूरा के अवसर पर शिया समाज ने सभी अकीदतमंदों से शांतिपूर्ण एवं अनुशासित तरीके से अज़ादारी में शामिल होने की अपील की है। वहीं प्रशासन ने जुलूस मार्गों पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष इंतज़ाम किए हैं ताकि धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।







