जबलपुरमध्य प्रदेश

सावनी फुहार शुरू, तीन घंटे में एक इंच के करीब बारिश : पूरे संभाग में झमाझम वर्षा

जबलपुर, यशभारत। आज सुबह से रूक-रूक कर वर्षा का सिलसिला जारी है। सावनी रिमझिम वर्षा सुबह 6 बजे से हो रही है। कभी तेज तो कभी मध्यम बरस रही है। आज सुबह तीन घंटे में करीब एक इंच बारिश हो चुकी थी । मौसम विभाग के अनुसार मौसमी प्रणालियां अब भी सक्रिय है। जबलपुर सहित संभाग के कटनी, मंडला, डिंडौरी, बालाघाट सहित आस-पास के जिलों में वर्षा का सिलसिला जारी रहेगा। हालांकि कहीं-कहीं भारी वर्षा का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। बहरहाल रूक-रूक हो रही वर्षा से लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली है। दिन का अधिकतम तापमान लगातार नीचे जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून द्रोणिका वर्तमान में बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। झारखंड पर हवा के ऊपरी भाग में एक प्रभावी चक्रवात बना हुआ है। अरब सागर और उससे लगे गुजरात पर भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। उत्तर-पश्चिमी राजस्थान पर भी एक चक्रवात मौजूद है। गुजरात के तट से लेकर केरल के तट तक एक अपतटीय द्रोणिका बनी हुई है। इसके अतिरिक्त हिमालय के पास एक पश्चिमी विक्षोभ भी बना हुआ है। अरब सागर एवं बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी मिलने के कारण जबलपुर सहित प्रदेश में रुक-रुककर वर्षा होने का सिलसिला जारी रहेगा। आज सुबह साढ़े 8 बजे से साढ़ेगयारह बजे तक 22.4 मिलीमीटर बारिश हो चुकी थी। इस सीजन में अब तक 323.6 मिलीमीटर बारिश हो चुकी थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button