मोहन कैबिनेट के बड़े फैसले: बालाघाट में होगी कृषि कैबिनेट, तलाकशुदा बेटियों को भी मिलेगी पेंशन

मोहन कैबिनेट के बड़े फैसले: बालाघाट में होगी कृषि कैबिनेट, तलाकशुदा बेटियों को भी मिलेगी पेंशन
भोपाल, यशभारत। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रालय में हुई कैबिनेट बैठक में प्रदेश के विकास और सामाजिक सुरक्षा को लेकर कई ऐतिहासिक निर्णयों पर मुहर लगाई गई। बैठक की शुरुआत वन्दे मातरम के गान के साथ हुई, जिसके बाद कैबिनेट मंत्री चेतन कश्यप ने मीडिया को निर्णयों की जानकारी दी।
बालाघाट में कृषि कैबिनेट: नक्सलवाद पर विकास की जीत
सरकार ने निर्णय लिया है कि प्रदेश की अगली कृषि कैबिनेट बालाघाट जिले में आयोजित की जाएगी। मंत्री चेतन कश्यप ने बताया कि बालाघाट के नक्सल मुक्त होने के उपलक्ष्य में यह बड़ा फैसला लिया गया है। इस कैबिनेट के माध्यम से बालाघाट और आसपास के क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए विशेष रोडमैप तैयार किया जाएगा।
तलाकशुदा पुत्री को पेंशन का अधिकार
प्रदेश सरकार ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए पारिवारिक पेंशन के नियमों में बड़ा बदलाव किया है। अब परिवार की तलाकशुदा पुत्री को भी पेंशन का लाभ मिल सकेगा। मंत्री ने स्पष्ट किया कि यह प्रावधान पहली बार किया गया है। इसके साथ ही, 2005 की नई पेंशन योजना के संदर्भ में 2026 के नए नियमों के तहत पारिवारिक पेंशन के विशेष प्रावधानों को भी मंजूरी दी गई।
18 फरवरी को आएगा विकासोन्मुख’ बजट
प्रदेश का आगामी बजट 18 फरवरी को विधानसभा में पेश किया जाएगा। सरकार के अनुसार, यह बजट पूरी तरह से संतुलित और विकास पर केंद्रित होगा। वहीं, ‘धरती आबा’ योजना के तहत 366 करोड़ रुपये की लागत से 63 हजार आदिवासी घरों तक बिजली पहुँचाने का लक्ष्य रखा गया है।
कैबिनेट के अन्य महत्वपूर्ण निर्णय:
रेस्क्यू सेंटर: प्रदेश के चिड़ियाघरों (जू) में अब घायल वन्यजीवों के उपचार के लिए आधुनिक रेस्क्यू सेंटर बनाए जाएंगे।
गुड़ी पड़वा: आगामी 19 मार्च को गुड़ी पड़वा का त्यौहार सरकारी स्तर पर हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।
स्वास्थ्य में उपलब्धि: नेशनल हेल्थ मिशन के तहत मध्य प्रदेश ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। प्रदेश में मातृ मृत्यु दर (MMR) 173 से घटकर 142 के स्तर पर आ गई है।







