मोदी जी ने कश्मीर से धारा-370 हटाकर डॉ. मुखर्जी के संकल्प को किया साकार : सीएम भारतीय

मोदी जी ने कश्मीर से धारा-370 हटाकर डॉ. मुखर्जी के संकल्प को किया साकार : सीएम भारतीय
– जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर भाजपा ने पुष्पांजलि अर्पित की
भोपाल, यशभारत। मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ऐसे महानायक थे जो आजादी के पहले और बाद की विभीषिका को भांप लिया था। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने आजादी से पहले अंग्र्रेजों के बंगभंग करने की साजिश को भांपकर आंदोलन चला दिया था। जम्मू-कश्मीर से धारा-370 हटाने के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सकल्प को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने साकार किया है। वे आज यहां पर भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इसके पहले अरेरा मंडल, वार्ड क्रमांक 45 के बूथ क्रमांक 159 स्थित डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद सहित पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। बाद में प्रदेश कार्यालय प्रांगण में स्थित डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन हमें संदेश देता है कि राष्ट्रहित सर्वोपरि है। उन्होंने अपने जीवन की आहुति देकर देश की एकता और अखंडता की रक्षा की। ऐसे राष्ट्रनायक का स्मरण करना मात्र औपचारिकता नहीं, बल्कि हमारे राष्ट्रीय चरित्र को सशक्त करने का माध्यम है। डॉ. मुखर्जी ने हमारे मोर मुकुट कश्मीर में दो विधान, दो निशान, दो प्रधान का विरोध किया। आजादी के तुरंत बाद ही जम्मू-कश्मीर की समस्या को भांप लेना और उसके समाधान के लिए मंत्री पद त्याग कर जनसंघ की स्थापना कर आंदोलन करना यह कार्य डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसे देश के सच्चे वीर सपूत और महानायक ही कर सकते हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि डॉ. मुखर्जी भारतीय इतिहास की एक ऐसी महान विभूति थे, जिनका जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग और दृढ़ संकल्प का प्रतीक रहा है। वे केवल एक राजनीतिज्ञ ही नहीं, बल्कि एक विचारक, शिक्षाविद् और देशभक्त भी थे, जिनके संकल्प आज भी हमारे लिए प्रेरणा के स्रोत हैं। आज ऐसे सपूत को श्रद्धांजलि देने हम यहां एकत्रित हुए हैं जिनके संकल्प से कश्मीर से धारा-370 हटी। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने धारा 370 हटाकर पार्टी के सकल्पों को पूरा किया है। देश के लिए अपना बलिदान देने वाले वीर महापुरूष डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के श्री चरणों में आज मध्यप्रदेश भाजपा का हर कार्यकर्ता श्रद्धासुमन अर्पित करता है। इस अवसर पर पूर्व केन्द्रीय मंत्री व वरिष्ठ नेता सुरेश पचौरी, प्रदेश उपाध्यक्ष कांतदेव सिंह, प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी, पूर्व मंत्री रामनिवास रावत, महापौर मालती राय, प्रदेश मंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश कार्यालय मंत्री डॉ. राघवेन्द्र शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति, जिला प्रभारी महेन्द्र सिंह, पूर्व सांसद आलोक संजर, ध्रुवनारायण सिंह, एस. एस उप्पल, विकास बोंद्रिया, वंदना जांचक, मंडल अध्यक्ष अभिषेक पुरोहित, बूथ अध्यक्ष गोविंद माउडी सहित जिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







