कोलार में नाबालिग से छेड़छाड़, आरोपी पर मामला दर्ज

कोलार में नाबालिग से छेड़छाड़, आरोपी पर मामला दर्ज
भोपाल, यशभारत। राजधानी के कोलार थाना क्षेत्र अंतर्गत एक मनचले द्वारा नाबालिग लड़की का रास्ता रोककर छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। विरोध करने पर आरोपी ने पीड़िता को धमकी भी दी। पुलिस ने पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी मंदाकिनी कोलार स्थित भूमि रेसीडेंसी के पास से अपने किसी काम से जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में आदित्य समशेरिया नाम के युवक ने उसे रोक लिया और उसके साथ बदसलूकी व छेड़छाड़ शुरू कर दी। जब नाबालिग ने इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपी युवक आपा खो बैठा और उसे अंजाम भुगतने की धमकी देने लगा।
आरोपी के चंगुल से छूटकर घबराई हुई किशोरी सीधे अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई। इसके बाद आक्रोशित परिजन पीड़िता को लेकर कोलार थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। कोलार थाना पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी आदित्य समशेरिया के खिलाफ छेड़छाड़ और अन्य सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।







