
सायन सर्कल हाईवे पर एक्सप्रेस फूड पॉइंट में भीषण आग,सिलेंडर ब्लास्ट से मची अफरा-तफरी
मुंबई, यश भारत मुंबई के सायन सर्कल हाईवे स्थित एक्सप्रेस फूड पॉइंट में शनिवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने के कुछ ही देर बाद होटल में रखे गैस सिलेंडर में जोरदार धमाका हुआ, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाके की आवाज़ दूर तक सुनाई दी और आसपास के लोग दहशत में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि समय रहते आग को फैलने से रोक लिया गया।
बताया जा रहा है कि यह होटल चुनाभट्टी रेलवे ट्रैक के ठीक ऊपर स्थित है। घटना के समय नीचे से लोकल ट्रेनें लगातार गुजर रही थीं, जिससे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा हो गई थी। हालांकि, रेलवे यातायात पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा।
फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। आग लगने के कारणों और किसी के हताहत होने को लेकर अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।







