जबलपुर अधारताल के कबाड़ गोदाम में भीषण विस्फोटः हाथ-पैर कटे हुए मिले

जबलपुर,यशभारत। अधारताल थानांतर्गत खजरी खिरिया बासपास के पास स्थित शमीम हाजी के कबाड़खाने में गुरूवार दोपहर करीब 12.15 मिनिट पर जबर्दस्त धमाके से हड़कंप मच गया। मौके से जो वीडियो फोटो सामने आए हैं उसमें कुछ लोगों के हाथ-पैर कटे हुए मलबे में दबे दिखाई दे रहे हैं लेकिन हैरानी की बात ये हैं कि मौके पर मौजूद पुलिस कर्मी व जिम्मेदार हादसे में मृत लोगों के बारे में परहेज कर रहे हैं। जिम्मेदार पुलिस मौके से कह रही है कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने यशभारत को बताया कि मलबे में कितने और लोग दबे हैं इसका अंदाजा अभी नहीं लगाया जा सकता है। आशंका व्यक्त की जा रही है कि मलबे में कुछ और लोग दबे हैं। समाचार लिखे जाने तक घटना स्थल पर 2 से 3 एंबुलेंस पहुंच गईं हैं जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि घटना में अधिक लोग शिकार हुए हैं।
इस जोरदार धमाके से अधारताल का करीब 5 किलोमीटर तक का क्षेत्र दहल उठा और यहां के सभी लोग सोचने लगे कि हे भगवान ये भूकंप कहां से आ गया। हादसे के कुछ देर बाद लोगों ने हकीकत जानी तो पता चला कि शमीम कबाड़खाने में विस्फोट हुआ है जिस कारण पूरा कबाड़खाना विस्फोट में धूमिल हो गया है। इस संबंध में अधारताल टीआई ने कहा कि कबाड़खाने के अंदर एलपीजी व ऑक्सीजन गैस सिलेंडर रखे हुए थे जिसमें विस्फोट हुआ है। अब ये विस्फोट, आग एलपीजी गैस सिलेंडर तक कैसे पहुंची ये अभी पता नहीं लग सका है।
फायर ब्रिगेड अमले ने कहा.. हमारे पास नहीं पहुंची सूचना
हैरानी की बात तो ये है कि जबलपुर फायर ब्रिगेड विभाग में इतने बड़े विस्फोट की सूचना ही नहीं आई। ऐसा फायर ब्रिगेड विभाग के राजेंद्र पटैल ने कहा और यशभारत को बताया कि अभी उनके पास ऐसे किसी घटना या विस्फोट की सूचना नहीं आई है। बिना सूचना के हम फायर ब्रिगेड का वाहन मौके पर कैसे पहुंचा सकते हैं।
खजरी खिरिया में विस्फोट की सूूचना मिली है। मौके से मलबे को हटाया जा रहा है और पूरे हादेस की जांच की जा रही है।
–अनिल सिंह कुशवाह, आईजी जबलपुर जोन।







