
महाराष्ट्र,यशभारत। महाराष्ट्र के पालघर जिले में एमआईडीसी (MIDC) में गुरुवार शाम को एक केमिकल फैक्ट्री में हुए विस्फोट से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि इस ब्लास्ट की चपेट में आने से चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा पालघर की लिम्बानी साल्ट इंडस्ट्रीज में हुआ। धमाका इतना भीषण था कि फैक्ट्री में काम कर रहे एक कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई।
धातु और एसिड को मिक्स करते समय हुआ हादसा
प्रशासन के अनुसार, यह हादसा तब हुआ जब फैक्ट्री के अंदर धातु और एसिड को मिलाया जा रहा था। इस प्रक्रिया के दौरान अचानक विस्फोट होने से फैक्ट्री में मौजूद कई मजदूर उसकी चपेट में आ गए। जिसमें से एक की मौके पर मौत हो गई और चार लोगों घायल हो गए। घायलों को तुरंत इलाज के लिए पास के धवले अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
श्रमिकों की सुरक्षा पर उठे सवाल
बताया जा रहा है कि पालघर के इस औद्योगिक क्षेत्र में लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने श्रमिकों की सुरक्षा पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इलाके में बढ़ रही इस तरह की दुर्घटनाओं को रोकने के लिए नियमित निरीक्षण और सुरक्षा नियमों का पालन बहुत जरूरी है। साथ ही सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू करने की आवश्यकता है।







