भोपालमध्य प्रदेश

भोपाल में संपत्तिकर बकायादारों पर बड़ी कार्रवाई

भोपाल में संपत्तिकर बकायादारों पर बड़ी कार्रवाई
– क्षेत्र क्रमांक 07 के वार्ड 34 में 8 खातेदारों की संपत्तियां कुर्क, निगम ने दी सख्त चेतावनी

भोपाल, यश भारत। नगर निगम द्वारा संपत्तिकर सहित अन्य करों और शुल्कों की वसूली के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। करों का भुगतान नहीं करने वाले बकायादारों के विरुद्ध अब सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में क्षेत्र क्रमांक 07 के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 34 में 8 बकाया खातेदारों की संपत्तियां कुर्क कर तालाबंदी की गई।

नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर रविवार को निगम अमले ने संबंधित क्षेत्रों में पहुंचकर कार्रवाई की। निगम अधिकारियों ने बताया कि इन बकायादारों को पूर्व में कई बार देयक और नोटिस जारी किए गए थे तथा बकाया राशि जमा करने के लिए समय भी दिया गया था। इसके बावजूद करों का भुगतान नहीं करने पर नियमानुसार कुर्की की कार्रवाई की गई।

जिन संपत्तियों पर कार्रवाई की गई उनमें 128 वरदान अस्पताल भवन के सीताराम पांडे पर 15 लाख 60 हजार 731 रुपये बकाया, 122 बाजार जहांगीराबाद के रमेशचंद्र पर 1 लाख 18 हजार 376 रुपये बकाया, 12 फर्राशखाना जहांगीराबाद के अब्दुल हई पर 1 लाख 76 हजार 950 रुपये बकाया तथा 115 बाजार जहांगीराबाद के बशीर उद्दीन पर 2 लाख 16 हजार 262 रुपये बकाया शामिल हैं।
इसी प्रकार 84 जेल रोड जहांगीराबाद के नबी अहमद पर 80 हजार 591 रुपये, 62 अहिरपुरा जहांगीराबाद की एहजाज बेगम पर 1 लाख 87 हजार 369 रुपये, 02 सिलावटपुरा जहांगीराबाद के टी एन नथानियन पर 1 लाख 15 हजार 121 रुपये तथा 88 अहिरपुरा जहांगीराबाद के एहजाज सुल्तान पर 2 लाख 63 हजार 150 रुपये की बकाया राशि होने पर संपत्तियां कुर्क की गईं। कुल मिलाकर लाखों रुपये की कर वसूली लंबित थी।

कार्रवाई के दौरान निगम अमले ने संपत्तियों पर कुर्की की सूचना चस्पा की और स्पष्ट किया कि बकाया राशि जमा किए बिना सील नहीं खोली जाएगी। निगम अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और जिन बकायादारों ने अब तक करों का भुगतान नहीं किया है उनके विरुद्ध भी नियमानुसार सख्त कदम उठाए जाएंगे।

नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे समय पर संपत्तिकर और अन्य देय करों का भुगतान करें ताकि दंडात्मक कार्रवाई से बचा जा सके। निगम का कहना है कि करों से प्राप्त राशि का उपयोग शहर के विकास कार्यों, साफ सफाई, पेयजल व्यवस्था, सड़कों के रखरखाव और अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए किया जाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button