जबलपुरदेशभोपालमध्य प्रदेशराज्य

छत्तीसगढ़ के मुंगेली में बड़ा हादसा… गर्म राख से भरा कंटेनर गिरा, एक की मौत और कई दबे

बिलासपुर, एजेंसी। मुंगेली जिले के सरगांव क्षेत्र अंतर्गत रामबोड़ में स्पंज आयरन फैक्ट्री में गुरुवार की दोपहर गर्म राख से भरा कंटेनर (साइलो) श्रमिकों के ऊपर गिर गया। इसमें वहां पर काम कर रहे श्रमिक दब गए। प्रशासन की ओर से देर रात तक एक मौत की पुष्टि की है। आनन-फानन में बचाव कार्य शुरू करते हुए दो श्रमिकों को निकालकर अस्पताल भेजा गया है। कई श्रमिक लापता हैं। प्रशासन की टीम राहत और बचाव कार्य में जुटी है। राख में दबे श्रमिकों की तलाश की जा रही है।
संभागायुक्त महादेव कावरे ने बताया कि मुंगेली जिले के सरगांव क्षेत्र अंतर्गत रामबोड़ में कुसुम इंड्रस्ट्रीज स्पंज आयरन फैक्ट्री है। इसमें करीब 350 श्रमिक अलग-अलग शिफ्ट में काम कर रहे हैं। गुरुवार की दोपहर श्रमिक फैक्ट्री में काम कर रहे थे।
लंच का समय होने पर ज्यादातर श्रमिक काम छोड़कर लंच करने चले गए थे। इसी दौरान चिमनी के पास गर्म राख से भरा कंटेनर वहां काम कर रहे श्रमिकों के ऊपर गिर गया। राख के गुबार के बीच वहां काम कर रहे श्रमिक लापता हो गए।
इधर हादसे की जानकारी लगते ही फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई। हादसे की जानकारी तत्काल सरगांव पुलिस को दी गई। साथ ही प्रशासन को इस घटना से अवगत कराया गया। मौके पर मौजूद श्रमिकों ने बचाव कार्य शुरू कर दिया। श्रमिकों ने किसी तरह दो श्रमिकों को बाहर निकाल लिया है।
उन्हें गंभीर अवस्था में सिम्स भेजा गया। इधर दो श्रमिक अब भी लापता हैं। उनकी तलाश की जा रही है। हादसे में दगोरी निवासी मनोज कुमार की मौत हो गई है। वहीं, जयंस साहू, अवधेश कश्यप लापता बताए जा रहे हैं। एक घायल लखन साहू को बिलासपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अधिकारी पहुंचे मौके पर, सिम्स में अलर्ट
हादसे की जानकारी लगते ही संभागायुक्त महादेव कावरे, आइजी डा संजीव शुक्ला, मुंगेली कलेक्टर और एसपी मौके पर पहुंच गए हैं। कंटेनर को हटाकर श्रमिकों की तलाश की जा रही है। राहत कार्य तेज करने बड़े क्रेन मंगाकर कंटेनर को हटाया गया है। इसके साथ ही सिम्स को अलर्ट मोड पर रखा गया है। दो घायलों को सिम्स भेज दिया गया है।
कई लोगों के राख में दबे होने की आशंका
हादसे की जानकारी लगते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में फैक्ट्री के गेट के सामने जमा हो गए। इधर प्रशासनिक अमला और पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों की मौजूदगी में बचाव कार्य चल रहा है।फैक्ट्री में काम करने वाले श्रमिकों ने गर्म राख के ढेर में कई लोगों के दबे होने की आशंका व्यक्त की है। इधर प्रशासनिक अधिकारी भी राख के ढेर में कुछ लोगों के दबे होने की बात कह रहे हैं। हालांकि राख के ढेर में कितने लोग दबे हैं इसकी पुष्टि कोई नहीं कर रहा है।

कलेक्टर और एसपी ने संभाला मोर्चा
हादसे की जानकारी लगते ही मुंगेली कलेक्टर राहुल देव और पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस की टीम और स्वास्थ्य विभाग की टीम को भी मौके पर बुला लिया गया है। एंबुलेंस फैक्ट्री के अंदर तैनात है। राख के ढेर को हटाने का काम चल रहा है। प्रशासन ने स्वास्थ विभाग की टीम को अलर्ट मोड पर रहने कहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button