माढोताल आईटीआई चुंगीनाका बना जाम का जंजाल, एक घंटे तक थमी रही रफ्तार
पुलिस नदारद, सड़क पर खड़े वाहनों से बढ़ी परेशानी

जबलपुर, यशभारत। शहर के माढोताल स्थित आईटीआई चुंगी क्षेत्र में बुधवार शाम यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमराई देखने को मिली। चारों दिशाओं से वाहनों का दबाव बढ़ने के कारण क्षेत्र पूरी तरह जाम की चपेट में आ गया और करीब एक घंटे तक वाहन रेंगते रहे। हालात ऐसे रहे कि दोपहिया से लेकर चारपहिया वाहन चालकों को लंबी कतारों में फंसकर भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों और राहगीरों का आरोप है कि जाम के दौरान यातायात व्यवस्था संभालने के लिए मौके पर एक भी पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। वहीं सड़क किनारे संचालित दुकानों के सामने बेतरतीब तरीके से खड़े किए गए वाहन और अतिक्रमण ने समस्या को और विकराल बना दिया। सड़क पर ही खड़े वाहनों के कारण आवागमन के लिए जगह कम पड़ गई, जिससे चारों ओर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि आईटीआई चुंगी चौराहा लंबे समय से यातायात अव्यवस्था का शिकार है, लेकिन जिम्मेदार विभाग स्थायी समाधान की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। शाम के समय यहां रोजाना जाम की स्थिति बनती है, जिससे स्कूली बच्चों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को घंटों परेशान होना पड़ता है।
लोगों ने प्रशासन और यातायात पुलिस से मांग की है कि आईटीआई चुंगी क्षेत्र में नियमित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, सड़क पर खड़े वाहनों और अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा व्यस्त समय में पुलिस बल की तैनाती कर नागरिकों को राहत दिलाई जाए। लगातार बढ़ती अव्यवस्था से लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी भी बढ़ती जा रही है।







