भोपालमध्य प्रदेश

एमपी नगर के ड्रैगन हाउस रेस्टोरेंट का लाइसेंस सस्पेंड, राजहंस में भी मिली गड़बड़ी

एमपी नगर के ड्रैगन हाउस रेस्टोरेंट का लाइसेंस सस्पेंड, राजहंस में भी मिली गड़बड़ी

 भोपाल, यश भारत। राजधानी के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र एमपी नगर स्थित ड्रैगन हाउस रेस्टोरेंट पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए उसका फूड लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। औचक निरीक्षण के दौरान रेस्टोरेंट के किचन में भारी गंदगी, चूहे और सड़ा-गला खाना बरामद हुआ, जिससे ग्राहकों की सेहत के साथ खिलवाड़ का बड़ा मामला उजागर हुआ है।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम जब निरीक्षण करने पहुंची, तो किचन का नजारा देखकर हैरान रह गई। मौके पर किचन में चूहे दौड़ते पाए गए और उनके बिल व कुतरने के स्पष्ट प्रमाण मिले। इसके अलावा किचन में बेहद खराब और सड़ी स्थिति में रखे मशरूम के 5 पैकेट मिले, जिन्हें टीम ने तुरंत मौके पर ही नष्ट करवाया। वहीं एक्सपायर्ड मसालों के पैकेट बरामद हुए, जिन्हें चूहों ने जगह-जगह से कुतरा हुआ था।

भंडारण में भारी लापरवाही और हाइजीन गायब

जांच के दौरान पाया गया कि रेस्टोरेंट में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य सामग्री का अलग-अलग भंडारण नहीं किया जा रहा था। रेस्टोरेंट के 5 फ्रीजरों में कच्चे व पके खाद्य पदार्थों को एक साथ ठूंसकर रखा गया था। पूरे रेस्टोरेंट परिसर में सैनिटरी और स्वच्छता मानकों का ज़रा भी पालन नहीं हो रहा था।

राजहंस होटल और इंडियन कॉफी हाउस पर भी कड़ा रुख

कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए टीम ने क्षेत्र के अन्य प्रतिष्ठानों की भी जांच की। राजहंस होटल में निरीक्षण के दौरान सड़ा हुआ मशरूम पाया गया, जबकि वहां इस्तेमाल हो रहे पनीर की गुणवत्ता पर संदेह होने पर टीम ने उसके सैंपल लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए हैं। वहीं इंडियन कॉफी हाउस से भी खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने परिसर की स्वच्छता जांचने के बाद विभिन्न खाद्य सामग्रियों के सैंपल कलेक्ट किए।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, आम जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वाले संस्थानों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button