कोलार रोड पुलिस ने कराया बैडमिंटन व मल्लखंब टूर्नामेंट, खिलाड़ियों को दिलाई नशा न करने की शपथ

कोलार रोड पुलिस ने कराया बैडमिंटन व मल्लखंब टूर्नामेंट, खिलाड़ियों को दिलाई नशा न करने की शपथ
भोपाल, यशभारत। राजधानी के थाना कोलार रोड पुलिस द्वारा नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान के अंतर्गत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम, कोलार में एक दिवसीय जागरूकता बैडमिंटन एवं मल्लखंब टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं और खेल प्रेमियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेंद्र सिंह चौहान उपस्थित रहे। उनके साथ अति. पुलिस उपायुक्त जोन-4 संजीव कुमार पाठक, सहायक पुलिस आयुक्त चूनाभट्टी आलोक श्रीवास्तव, थाना प्रभारी कोलार रोड निरीक्षक संजय सोनी, स्टेडियम प्रभारी अरविंद सैनी एवं खेल व युवा प्रकोष्ठ बंजारी स्टेडियम के वीरेंद्र शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे।
आयोजन के दौरान मुख्य अतिथि शैलेंद्र सिंह चौहान ने वहां मौजूद लगभग 200 से 250 खिलाड़ियों और स्टेडियम स्टाफ से सीधे संवाद किया तथा छात्र-छात्राओं की जिज्ञासाओं और सवालों के जवाब दिए। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित सभी लोगों को स्वयं नशा न करने और अपने परिवार में किसी भी सदस्य को नशे से दूर रखने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अति. पुलिस उपायुक्त संजीव पाठक ने कहा कि नशा केवल शारीरिक ही नहीं, बल्कि मानसिक रूप से भी व्यक्ति को अपंग बना देता है। इसलिए किसी भी व्यक्ति को न तो स्वयं नशा करना चाहिए और न ही अपने परिवार के किसी सदस्य को नशा करने देना चाहिए।
टूर्नामेंट के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बैडमिंटन के विजेता एवं उप-विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया, वहीं मल्लखंब प्रतियोगिता के सभी प्रतिभागियों को मेडल देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।







