भोपालमध्य प्रदेश

भोपाल देहात में 3 थानों के टीआई बदले, 5 पुलिस अधिकारियों के तबादले

भोपाल देहात में 3 थानों के टीआई बदले, 5 पुलिस अधिकारियों के तबादले

भोपाल, यशशभारत। राजधानी की देहात पुलिस महकमे में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पाण्डेय ने प्रशासनिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए 5 पुलिस अधिकारियों के स्थानांतरण और नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। इस आदेश के तहत तीन प्रमुख थानों बैरसिया, बिलखिरिया और सूखीसेवनिया को नए थाना प्रभारी मिल गए हैं।

एसपी कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, सूखीसेवनिया थाना प्रभारी निरीक्षक रामबाबू चौधरी को वहां से हटाकर बैरसिया थाने की कमान सौंपी गई है। वहीं, रक्षित केंद्र में पदस्थ निरीक्षक नरेन्द्र कुलस्ते को बिलखिरिया थाने का नया टीआई नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त, रक्षित केंद्र में पदस्थ उपनिरीक्षक अरुण शर्मा को सूखीसेवनिया थाने का नया थाना प्रभारी बनाया गया है।

दो टीआई फील्ड पोस्टिंग से हटाए गए
आदेश के तहत बैरसिया और बिलखिरिया थानों की कमान संभाल रहे अधिकारियों पर गाज गिरी है। बैरसिया थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सेन और बिलखिरिया थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश कुमार चौहान को फील्ड पोस्टिंग से तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। इन दोनों ही निरीक्षकों को रक्षित केंद्र में अटैच किया गया है।

पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पाण्डेय द्वारा जारी आदेश में यह स्पष्ट किया गया है कि सभी अधिकारियों की यह नियुक्तियां आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से लागू रहेंगी। आदेश जारी होते ही संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button