उतरप्रदेशदेश

सक्षम पंडा हत्याकांड में फरार इनामी आरोपी कमल पंडा गिरफ्तार, 25 हजार रुपये का था ईनाम

गुमटी जलाने का लिया था बदला

प्रयागराज। मुठ्ठीगंज थाना पुलिस और सर्विलांस सेल नगर टीम ने सक्षम पंडा हत्याकांड में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कमल शर्मा उर्फ कमल पंडा (37) पुत्र मदन लाल शर्मा निवासी कूंचा राय, थाना अतरसुईया के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी को रविवार को नैनी थाना क्षेत्र स्थित अरैल घाट के पास नए पुल के नीचे से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ मुठ्ठीगंज थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 47/2026, धारा 103(1)/61(2)(क) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की गई।

21 मई को हुई थी हत्या

पुलिस के मुताबिक 21 मई 2026 को मुठ्ठीगंज निवासी अंजु शर्मा ने सूचना दी थी कि उनके पुत्र सक्षम शर्मा उर्फ सक्षम पंडा को कुछ लोगों ने सुनियोजित तरीके से गोली मार दी है। पुलिस घायल युवक को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।

पूछताछ में किया बड़ा खुलासा

पुलिस के अनुसार पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि दारागंज के गंगा घाट पर स्थित उनकी गुमटी को सक्षम पंडा ने आग लगा दी थी। इस घटना में उनके पूर्वजों के जजमानों से संबंधित महत्वपूर्ण बही-खाते जल गए थे और आजीविका का साधन भी नष्ट हो गया था। इसी रंजिश के चलते वह और उसके साथी सक्षम पंडा से बदला लेना चाहते थे।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि इसी विवाद के कारण सभी ने मिलकर सक्षम पंडा की हत्या की योजना बनाई थी। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में यह भी बताया कि उसके भाई विमल शर्मा उर्फ विमल पंडा तथा आकाश अरोड़ा उर्फ भोला पंजाबी ने गोली मारकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस इस कथित बयान के आधार पर मामले की आगे जांच कर रही है।

आपराधिक इतिहास भी रहा है दर्ज

पुलिस अभिलेखों के अनुसार कमल शर्मा के खिलाफ मुठ्ठीगंज थाने में पूर्व में मारपीट, गाली-गलौज और धमकी से जुड़े तीन मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2012, 2017 और 2019 के मामले शामिल हैं।

पुलिस टीम को मिली सफलता

इस कार्रवाई में मुठ्ठीगंज थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना पुलिस और सर्विलांस सेल नगर टीम ने संयुक्त रूप से काम किया। पुलिस अधिकारियों ने इसे हत्याकांड के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता बताया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button