केंद्रीय जेल में एक करोड़ की लागत से बनेगा ‘जवाहरलाल दर्डा सभा भवन’, प्रहलाद सिंह पटेल ने किया शिलान्यास
जबलपुर, यश भारत।

केंद्रीय जेल में एक करोड़ की लागत से बनेगा ‘जवाहरलाल दर्डा सभा भवन’, प्रहलाद सिंह पटेल ने किया शिलान्यास
जबलपुर, यश भारत। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं लोकमत पत्र समूह के संस्थापक जवाहरलाल दर्डा की स्मृति में शनिवार को नेताजी सुभाषचंद्र बोस केंद्रीय जेल में लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने जेल परिसर स्थित आगंतुक रजिस्टर में हस्ताक्षर करने के बाद सुभाष वार्ड का भ्रमण किया और मंचीय कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के दौरान लोकमत समूह के प्रतिनिधि राजेंद्र दर्डा ने प्रहलाद सिंह पटेल का शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मान किया। इसके बाद मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल और कैंट विधायक अशोक रोहाणी ने केंद्रीय जेल परिसर में नर्मदा खंड के सामने लगभग 5,000 वर्गफीट क्षेत्रफल में बनने वाले ‘स्वतंत्रता सेनानी जवाहरलाल दर्डा सभा भवन’ का शिलान्यास किया। इस ऑडिटोरियम के निर्माण पर लगभग एक करोड़ रुपये की लागत आएगी।

कार्यक्रम में जवाहरलाल दर्डा के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान को याद किया गया। वक्ताओं ने बताया कि महात्मा गांधी के आह्वान पर दर्डा 1940 में मात्र 17 वर्ष की आयु में स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े और 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन में भाग लेने पर करीब 19 माह तक नेताजी सुभाषचंद्र बोस केंद्रीय कारागार में बंद रहे। जेल प्रवास के दौरान भी उन्होंने साथी युवाओं में आजादी की अलख जगाने का कार्य किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में अतिथियों की उपस्थिति रही।







