समय-सीमा में पूरी हों सिंचाई परियोजनाएं, किसानों को मिले समय पर लाभ

समय-सीमा में पूरी हों सिंचाई परियोजनाएं, किसानों को मिले समय पर लाभ
भोपाल, यश भारत। प्रदेश में वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाते हुए सरकार सिंचाई सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दे रही है। जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रगतिरत सिंचाई परियोजनाओं को तय समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि किसानों के खेतों तक पानी पहुंच सके और उन्हें समय पर पूरा लाभ मिल सके।
मंत्रालय में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में बीना परियोजना प्रबंधन इकाई सागर एवं बेतवा परियोजना प्रबंधन इकाई भोपाल के अंतर्गत निर्माणाधीन वृहद एवं मध्यम परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में विभाग के अपर मुख्य सचिव राजेश राजौरा, प्रमुख अभियंता विनोद कुमार देवड़ा सहित वरिष्ठ अधिकारी और निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। समीक्षा के दौरान बीना संयुक्त सिंचाई बहुद्देश्यीय परियोजना सागर, कोठा बैराज परियोजना विदिशा, बण्डा सिंचाई परियोजना सागर-छतरपुर, हनोता सिंचाई परियोजना सागर-विदिशा, पंचमनगर सिंचाई परियोजना दमोह-सागर, कडान, साजली, कैथ तथा जूडी एवं जैरा मध्यम सिंचाई परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई। अधिकारियों को सभी कार्य विभागीय मापदंडों के अनुसार निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने पर सागर, विदिशा, छतरपुर और दमोह जिलों की लगभग 3 लाख 10 हजार हेक्टेयर भूमि में अतिरिक्त सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही अधिकारियों को हर 15 दिन में प्रगति की समीक्षा कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।







