
बेंगलुरु में बनने लगे iPhone 17! Apple ने भारत में बढ़ाया प्रोडक्शन, जानिए कितना सस्ता होगा नया फोन?
Apple के नए आईफोन्स बेंगलुरु में बनने शुरू हो गए हैं. क्या भारत में अब सस्ता मिलेगा iPhone 17? जानिए कितनी होगी कीमत और क्या होगी खासियत.
)
Apple के लिए अच्छी खबर है कि ताइवानी कंपनी फॉक्सकॉन ने बेंगलुरु के पास अपनी नई फैक्ट्री में iPhone 17 का उत्पादन शुरू कर दिया है. ये फॉक्सकॉन की चीन के बाहर दूसरी सबसे बड़ी iPhone फैक्ट्री है, जिसे करीब 25,000 करोड़ रुपये के निवेश से बनाया गया है. इस कदम से भारत एक प्रमुख iPhone बनाने वाले देश के रूप में अपनी जगह मजबूत कर रहा है. पिछले साल फॉक्सकॉन ने अपने चेन्नई प्लांट में iPhone 16 सीरीज का उत्पादन किया था, जो फोन के ग्लोबल लॉन्च से पहले ही शुरू हो गया था. अब बेंगलुरु का नया प्लांट भी चेन्नई की फैक्ट्री के साथ मिलकर iPhone 17 बना रहा है. हालांकि, Apple या फॉक्सकॉन ने अभी तक इस बारे में कोई भी आधिकारिक घोषणा नहीं की है.
चीन पर निर्भरता कम करने की रणनीति
Apple चीन से अपनी निर्भरता कम करने के लिए भारत को एक महत्वपूर्ण मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में देख रहा है. इस साल Apple का लक्ष्य भारत में iPhone का उत्पादन 60 मिलियन (6 करोड़) यूनिट तक पहुंचाना है, जो पिछले साल 35 से 40 मिलियन यूनिट था. ये दिखाता है कि भारत में कंपनी का उत्पादन तेजी से बढ़ रहा है. पिछले साल 31 मार्च, 2025 को खत्म हुए वित्तीय वर्ष में Apple ने भारत में 22 बिलियन डॉलर (करीब 1.8 लाख करोड़ रुपये) के iPhone असेंबल किए थे, जो पिछले साल से 60 प्रतिशत ज्यादा है.
Apple के CEO टिम कुक ने भी हाल ही में कहा था कि भारत Apple की ग्लोबल सप्लाई चेन में एक अहम हिस्सा बन गया है. उन्होंने बताया कि जून 2025 में अमेरिका में बेचे गए ज्यादातर iPhone भारत में ही बने थे.

भारतीय बाजार में बढ़ती हिस्सेदारी
Apple सिर्फ भारत में iPhone बना ही नहीं रहा, बल्कि भारतीय बाजार में उसकी बिक्री भी लगातार बढ़ रही है. 2025 की पहली छमाही में Apple की कुल बिक्री में 21.5% की सालाना बढ़ोतरी हुई, जिससे 5.9 मिलियन (59 लाख) यूनिट्स की शिपमेंट हुई. iPhone 16 इस दौरान सबसे ज्यादा बिकने वाला मॉडल रहा.
सिर्फ जून तिमाही की बात करें तो, भारत में Apple की शिपमेंट में 20% की बढ़ोतरी हुई, जिससे स्मार्टफोन बाजार में उसकी हिस्सेदारी 7.5% हो गई. हालांकि, पूरे भारतीय स्मार्टफोन बाजार में अभी भी चीनी ब्रांडों का दबदबा है. आईडीसी की रिपोर्ट के अनुसार, वीवो की बाजार में 19% हिस्सेदारी है, जो सबसे ज्यादा है.

बेंगलुरु प्लांट की चुनौतियां और भविष्य
बेंगलुरु की नई फैक्ट्री को शुरुआती दौर में कुछ चुनौतियों का सामना करना पड़ा था. कई चीनी इंजीनियर अचानक चले गए थे, जिससे काम प्रभावित हुआ. हालांकि, फॉक्सकॉन ने तुरंत ताइवान और दूसरे देशों से नए एक्सपर्ट्स बुलाकर इस कमी को पूरा कर लिया था. ये दिखाता है कि कंपनी भारत में अपने प्रोजेक्ट को लेकर कितनी गंभीर है.
ये नया प्लांट Apple की चीन से बाहर अपने मैन्युफैक्चरिंग बेस को फैलाने की रणनीति का एक बड़ा हिस्सा है. Apple अब सिर्फ चीन पर ही निर्भर नहीं रहना चाहता, बल्कि वह भारत को एक मजबूत ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में स्थापित कर रहा है.
iPhone 17 में दिखेंगे ये बड़े बदलाव
iPhone 17 सीरीज में इस साल कई बड़े बदलाव आने की उम्मीद है. इसमें बेहतर कैमरा, फास्ट प्रोसेसर और नए AI फीचर्स शामिल हो सकते हैं. कंपनी 4 नए मॉडल्स के साथ लॉन्च करेगी. इनमें iPhone 17, iPhone 17 Air, iPhone 17 Pro, iPhone 17 Pro Max मॉडल्स शामिल हैं. इस बार iPhone 17 Plus मॉडल नहीं आएगा. Apple Plus लाइनअप को खत्म करने की प्लानिंग कर रहा है.हालांकि iPhone 17 Air इसका रिप्लेसमेंट नहीं है. ये एक नए डिवाइस का डेब्यु है. चर्चा है कि नए iPhone 17 Air की 6.6 इंच डिस्प्ले, 6mm थिकनेस मिल सकती है. क्या-क्या होगा नए iPhone’s में खास. चलिए जानते हैं.
- iPhone 17 का बेस मॉडल अब तक का सबसे पतला (Thinned iPhone ever) मॉडल हो सकता है.
- नए मॉडल्स के लिए मॉडल चिपसेट तैयार किया जा सकता है.
- इस बार iPhone 17 Plus वेरिएंट नहीं आएगा!
- iPhone 17 Pro मॉडल्स एलुमिनियम के हो सकते हैं
- सभी मॉडल्स में मिल सकती है ProMotion डिस्प्ले
- अपग्रेडेट सेल्फी कैमरा से लैस होगी नई सीरीज
iPhone 17 Series की संभावित कीमत
- iPhone 17 की कीमत- ₹89,900
- iPhone 17 Air की कीमत- ₹99,900
- iPhone 17 Pro की कीमत- ₹1,39,900
- iPhone 17 Pro Max की कीमत- ₹1,64,900
FAQ (अक्सर पूछे जाने वाले सवाल)
Q1: फॉक्सकॉन का बेंगलुरु प्लांट कहां स्थित है?
A: फॉक्सकॉन का नया iPhone मैन्युफैक्चरिंग प्लांट बेंगलुरु के पास देवनहल्ली में स्थित है.
Q2: बेंगलुरु प्लांट में किस iPhone मॉडल का उत्पादन हो रहा है?
A: फॉक्सकॉन के बेंगलुरु प्लांट में iPhone 17 का उत्पादन शुरू हो गया है.
Q3: भारत में Apple ने 2024-25 में कितने iPhone असेंबल किए?
A: 31 मार्च, 2025 को समाप्त हुए वित्तीय वर्ष में, Apple ने भारत में लगभग 22 अरब डॉलर मूल्य के iPhone असेंबल किए, जो पिछले साल के मुकाबले 60% ज्यादा था.
Q4: अमेरिका में बेचे गए iPhone भारत में बनने लगे हैं, क्या ये सच है?
A: हां, Apple के CEO टिम कुक के अनुसार, जून 2025 में अमेरिका में बेचे गए ज्यादातर iPhone भारत से ही भेजे गए थे.







