इंदौर: एक लाख की रिश्वत लेते पुलिस उप निरीक्षक गिरफ्तार

इंदौर: एक लाख की रिश्वत लेते पुलिस उप निरीक्षक गिरफ्तार
यश भारत। इंदौर लोकायुक्त पुलिस ने आजाद नगर थाने के उप निरीक्षक धर्मेंद्र राजपूत को एक लाख की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एक व्यक्ति को झूठे हत्या के मामले में फंसाने की धमकी देकर पैसे मांगने का आरोप है।
मिली जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता संतोष कुमार तोमर, जो एक सिक्योरिटी कंपनी के प्रबंधक हैं, ने लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि आजाद नगर थाने में दर्ज एक मामले (क्रमांक 504/2025) में उनके पिता रामचंद्र सिंह तोमर को फंसाने की धमकी दी जा रही थी। आरोपी उप निरीक्षक धर्मेंद्र राजपूत ने पहले उनसे इस मामले में उनके पिता को आरोपी न बनाने के लिए 1.5 लाख की मांग की थी। जब संतोष ने पैसे नहीं दिए, तो उनके पिता को आरोपी बना दिया गया।
अग्रिम जमानत के बाद भी मांगे पैसे
संतोष के पिता को बाद में अग्रिम जमानत मिल गई, लेकिन आरोपी यहीं नहीं रुका। उसने संतोष को थाने बुलाकर आगे कोई भी सख्त कार्रवाई न करने और मामले में मदद करने के एवज में एक लाख की रिश्वत मांगी।







