गैस सिलेंडर नहीं मिले तो लकड़ी की भट्टी पर बना खाना

गैस सिलेंडर नहीं मिले तो लकड़ी की भट्टी पर बना खाना
– शादी के रिसेप्शन का मैन्यू बदला
-फोटो कैप्शन.. लकड़ी जलाकर बनाया गया शादी समरोह में खाना
भोपाल, यशभारत। राजधानी भोपाल में गैस सिलेंडर की कमी का असर अब शादी समारोहों पर भी दिखाई देने लगा है। सिलेंडर नहीं मिलने के कारण एक विवाह समारोह में गैस चूल्हे की जगह लकड़ी की भट्टी पर खाना बनवाना पड़ा और रिसेप्शन का मैन्यू भी बदलना पड़ा। जानकारी के अनुसार फूलमाली समाज में आयोजित एक विवाह समारोह का रिसेप्शन ईटखेड़ी स्थित स्वयंवर मैरिज गार्डन में रखा गया था। समारोह में करीब 1200 से 1500 लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई थी। शुरुआत में विभिन्न व्यंजनों के साथ बड़ा मैन्यू तय किया गया था, जिसके लिए लगभग 18 से 20 गैस सिलेंडरों की आवश्यकता थी। लेकिन रिसेप्शन से एक दिन पहले गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पाए। इसके बाद आयोजकों को तत्काल मैन्यू बदलने का फैसला लेना पड़ा।
रातों-रात व्यवस्था कर लकड़ी की भट्टी पर बनने वाले पारंपरिक व्यंजन दाल-बाफले तैयार करवाए गए। दूल्हे रोहित माली ने बताया कि रिसेप्शन के लिए कई प्रकार के व्यंजन बनाने की तैयारी थी, लेकिन गैस सिलेंडर की किल्लत के कारण सभी मैन्यू रद्द करने पड़े और अंत में दाल-बाफले बनवाने का निर्णय लिया गया।







