भोपालमध्य प्रदेश

कोलार में दिनदहाड़े हिस्ट्रीशीटर पर हथौड़े-सब्बल से हमला, हालत नाजुक

कोलार में दिनदहाड़े हिस्ट्रीशीटर पर हथौड़े-सब्बल से हमला, हालत नाजुक

भोपाल, यशभारत। राजधानी के पॉश इलाके कोलार में रविवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बेखौफ बदमाशों ने एक युवक को सड़क पर घेरकर हथौड़ों और सब्बल से मरणासन्न कर दिया। हमलावरों ने न केवल युवक के हाथ-पैर कुचल दिए, बल्कि उसकी कार में भी जमकर तोड़फोड़ की। गंभीर रूप से घायल युवक को बंसल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

पुलिस के अनुसार, घायल युवक की पहचान कुलदीप सिंह के रूप में हुई है, जो मूलतः रीवा के चोरहटा क्षेत्र का निवासी है। कुलदीप खुद एक निगरानीशुदा हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ रीवा में करीब 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह शुक्रवार को भोपाल अपनी मंगेतर से मिलने आया था। रविवार सुबह करीब 11 बजे जब वह कोलार से गुजर रहा था, तभी बदमाशों ने उसे घेर लिया।

तमाशबीन बने रहे लोग, युवती ने दिखाया साहस
वारदात का सबसे विचलित करने वाला पहलू यह रहा कि सरेराह हो रहे इस हमले के दौरान वहां मौजूद लोग मूकदर्शक बनकर वीडियो बनाते रहे। किसी ने भी हमलावरों को रोकने की हिम्मत नहीं दिखाई। इसी बीच, एक युवती (जो पीड़ित की परिचित बताई जा रही है) ने साहस दिखाते हुए हमलावरों को ललकारा और उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुरानी रंजिश और रेकी का शक
कोलार थाना प्रभारी संजय सोनी ने बताया कि हमलावरों का तरीका बेहद पेशेवर था। आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों ने भोपाल में कुलदीप की सटीक ‘रेकी’ की थी और उन्हें उसके मूवमेंट की पूरी जानकारी थी। पुलिस इसे रीवा से जुड़ी पुरानी रंजिश का परिणाम मान रही है।

पुलिस घटनास्थल और भागने के रास्तों के सीसीटीवी खंगाल रही है। कुछ संदिग्ध वाहनों की पहचान की गई है। भोपाल पुलिस ने रीवा पुलिस से संपर्क कर कुलदीप के दुश्मनों और हालिया विवादों की कुंडली मांगी है। डॉक्टर की अनुमति मिलते ही पुलिस पीड़ित के बयान दर्ज करेगी, जिससे आरोपियों के नाम स्पष्ट हो सकेंगे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button