खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार कार; दो की मौत, एक ही परिवार के तीन घायल

खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार कार; दो की मौत, एक ही परिवार के तीन घायल
सुबह 6 बजे कोहरे के कारण घटी दुर्घटना, नेमा परिवार महू से भोपाल जा रहा था
भोपाल, यशभारत। इंदौर-भोपाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर आज (गुरुवार) सुबह लगभग छह बजे कम विजिबिलिटी के कारण एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई, जिसमें इंदौर और भोपाल के रहने वाले एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दर्दनाक हादसा सीहोर के पास दरबार ढाबे के समीप हुआ।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा तब हुआ जब नेमा परिवार की तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई। शुरुआती जांच से पता चला है कि सुबह के समय घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम थी, जिसके कारण कार चालक सड़क किनारे खड़े ट्रक को समय रहते देख नहीं पाया। कार की गति भी संभवत: अधिक थी, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
नेमा परिवार पर टूटा कहर हादसे में नेमा परिवार के दो सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान संध्या नेमा (पत्नी सुनील नेमा, 56 वर्ष, इंदौर) और मृदंग नेमा (पिता संजीव नेमा, 28 वर्ष, भोपाल) के रूप में हुई है।
हादसे में तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में सुनील नेमा (पिता अर्जुन लाल नेमा, 60 वर्ष, इंदौर), संजीव नेमा (पिता मोहन नेमा, 45 वर्ष, एमपी नगर भोपाल) और उनकी पत्नी मीनल नेमा (40 वर्ष, एमपी नगर भोपाल) शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि यह परिवार महू से राजधानी भोपाल की ओर जा रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







