प्रेस कॉम्प्लेक्स की छत पर चल रहा था हाईप्रोफाइल जुआ, क्राइम ब्रांच का छापा, 11 गिरफ्तार

प्रेस कॉम्प्लेक्स की छत पर चल रहा था हाईप्रोफाइल जुआ, क्राइम ब्रांच का छापा, 11 गिरफ्तार
भोपाल, यशभारत। राजधानी के सबसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र एमपी नगर स्थित प्रेस कॉम्प्लेक्स में गुरुवार को पुलिस ने एक बड़े जुआ फड़ का पर्दाफाश किया। क्राइम ब्रांच ने एक बिल्डिंग की छत पर घेराबंदी कर 11 जुआरियों को रंगे हाथ दबोचा। पुलिस ने मौके से और आरोपियों के पास से कुल 4.21 लाख रुपए की नकदी और ताश की गड्डियां जब्त की हैं। कार्रवाई के दौरान दो मुख्य आरोपी फरार होने में कामयाब रहे।
बाहरी जिलों से आते थे जुआरी पकड़े गए आरोपियों में भोपाल के अलावा देवास, सीहोर, उज्जैन और शाजापुर के लोग शामिल हैं। इससे अंदेशा जताया जा रहा है कि यहां बड़े पैमाने पर संगठित रूप से जुआ खिलाया जा रहा था। पुलिस को सूचना मिली थी कि प्रेस कॉम्प्लेक्स की बिल्डिंग की छत पर हार-जीत की बाजी लगाई जा रही है।
पुलिस टीम की कार्रवाई सउनि. मो. सादिक खान और उनि. इरशाद अंसारी की टीम ने गवाहों को साथ लेकर योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी। पुलिस ने फड़ से 2.95 लाख और आरोपियों से 1.26 लाख रुपए बरामद किए। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और पकड़े गए आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही है।
पकड़े गए आरोपी जरदार (देवास), नवीन शर्मा (सीहोर), फिरोज खान, पवन राजोरिया, आमीन कुरैशी, शादाब, इमरान, मो. जोएब, आफाक अली और अजीत ज्ञाने बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। कार्रवाई के दौरान दो आरोपी फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें रवाना की गई हैं। तकनीकी जांच के जरिए यह पता लगाया जा रहा है कि यह फड़ कितने समय से संचालित था।






