भोपाल में तेज आंधी से बिगड़े हालात, कई इलाकों में घंटों ब्लैकआउट

भोपाल में तेज आंधी से बिगड़े हालात, कई इलाकों में घंटों ब्लैकआउट
– सीहोर में भी अंधेरा, धार में ओलावृष्टि, मऊगंज में बिजली गिरने से महिला की मौत, कई जिलों में अलर्ट
भोपाल, यश भारत। राजधानी भोपाल में गुरुवार शाम अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। दिनभर की तेज गर्मी के बाद शाम को तेज आंधी ने शहर में जनजीवन प्रभावित कर दिया। आंधी के कारण कई जगह पेड़ और बिजली की लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं, जिससे शहर के कई प्रमुख इलाकों में घंटों तक बिजली गुल रही और ब्लैकआउट जैसे हालात बन गए।
तेज हवाओं और बारिश के चलते अरेरा कॉलोनी, नेहरू नगर, कोलार, अवधपुरी, बागसेवनिया और आसपास के कई रिहायशी क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। कई स्थानों पर पेड़ों की टहनियां टूटकर बिजली लाइनों पर गिर गईं, जिससे तकनीकी खराबियां उत्पन्न हुईं। अचानक अंधेरा छा जाने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली विभाग की टीमें देर रात तक लाइनों को दुरुस्त करने में जुटी रहीं।
भोपाल के साथ ही पड़ोसी जिला सीहोर में भी आंधी और बारिश का असर देखने को मिला। यहां तेज हवाओं के कारण कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई और शहर देर शाम तक अंधेरे में डूबा रहा। मौसम में अचानक आए इस बदलाव से जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, वहीं तेज आंधी ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया।
प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी मौसम का असर देखा गया। धार जिले के कुक्षी क्षेत्र में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई, जिससे किसानों को नुकसान की आशंका जताई जा रही है। वहीं मऊगंज जिले में आसमानी बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई। इस घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। सागर जिले में भी तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में मध्य प्रदेश के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन सक्रिय है। इसके साथ ही उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में दो नए मौसम सिस्टम बनने से अरब सागर से नमी आ रही है। इसी कारण प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन रही है।
मौसम केंद्र ने अगले 24 घंटों के लिए कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। गुना, इंदौर, भिंड, बैतूल, धार, बड़वानी और आलीराजपुर जिलों में तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। राजगढ़, विदिशा, छिंदवाड़ा, अशोकनगर, झाबुआ, देवास, खरगोन और सागर जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर न रहें, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें तथा सुरक्षित स्थानों पर शरण लें। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में इसी तरह मौसम का उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।







